जमशेदपुर : कोल्हान (सिंहभूम) के सिंहभूम डाक मंडल के तत्वावधान में मंगलवार को जमशेदपुर के साकची स्थित टैगोर सोसायटी (रवीन्द्र भवन) में डाक कर्मचारियों के लिए एक भव्य ‘मोटिवेशनल एवं टार्गेट इनिशिएटिव’ कार्यक्रम उड़ान का आयोजन किया गया. इस विशेष सत्र का मुख्य उद्देश्य आगामी पोस्टल लाइफ इंश्योरेंस (पीएलआइ) और बचत बैंक योजनाओं (पीओएसबी) के लक्ष्यों को प्राप्त करने हेतु कर्मचारियों में नई ऊर्जा का संचार करना था. (नीचे भी पढ़ें)

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि, झारखंड परिमंडल के मुख्य पोस्टमास्टर जनरल संजीव रंजन ने दीप प्रज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया. कर्मचारियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि डाक विभाग का आधार हमारे कर्मचारी और ग्राहकों का भरोसा है. हमें न केवल लक्ष्यों को प्राप्त करना है, बल्कि विभागीय योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने टीम भावना पर जोर देते हुए आगामी अभियानों में नई ऊंचाइयों को छूने के लिए सभी को प्रेरित किया. इस दौरान मुख्य अतिथि के साथ विशिष्ट अतिथियों के रूप में सिंहभूम मंडल के वरीय डाक अधीक्षक उदयभान सिंह, झारखंड के उप मंडलीय प्रबंधक (पीएलआइ) अमित कुमार, जमशेदपुर प्रधान डाकघर के वरिष्ठ पोस्ट मास्टर सुधीर कुमार, सिंहभूम मंडल उप डाक अधीक्षक बिस्वजीत राय शामिल थे. कार्यक्रम के दौरान सिंहभूम डाक मंडल के उन कर्मचारियों को सम्मानित एवं पुरस्कृत किया गया, जिन्होंने पिछले सत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया था. पुरस्कार पाकर कर्मचारियों का उत्साह देखते ही बनता था. कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी कर्मियों ने सामूहिक रूप से संकल्प लिया कि वे आगामी पीएलआइ और बचत बैंक अभियान को ऐतिहासिक रूप से सफल बनाएंगे.


















