बहरागोड़ा : बहरागोड़ा थाना पुलिस ने अंतर्राज्यीय स्तर पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एक बड़ी सफलता हासिल की है, जिसमें काशाफलिया गांव से एक युवती के अपहरण के मामले में पुलिस ने जाल बिछाकर आरोपी को पश्चिम बंगाल के मेदिनीपुर जिले से गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस की इस तत्परता से न केवल आरोपी सलाखों के पीछे पहुंचा, बल्कि अपहृत पीड़िता को भी सकुशल मुक्त करा लिया गया है. मिली जानकारी के अनुसार बहरागोड़ा में मामला दर्ज था. काशाफलिया निवासी सुरेश पात्र के लिखित आवेदन पर पुलिस ने अपहरण के तहत प्राथमिकी दर्ज की थी. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एक विशेष टीम का गठन किया. वहीं तकनीकी सेल की मदद से आरोपी की लोकेशन पश्चिम बंगाल के नयाग्राम थाना अंतर्गत ग्राम बारडीगा में ट्रेस की गई, जिसके बाद पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी कर सागर दंडपात को गिरफ्तार कर लिया. (नीचे भी पढ़ें)
गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर लेकर बहरागोड़ा पहुंची तथा कानूनी प्रक्रिया के तहत शनिवार को उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. बहरागोड़ा पुलिस की इस कार्रवाई ने क्षेत्र के अपराधियों में कड़ा संदेश दिया है. स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की सराहना की है, क्योंकि रिपोर्ट दर्ज होने के कम समय के भीतर ही आरोपी को दूसरे राज्य से गिरफ्तार करना पुलिस की कार्यकुशलता को दर्शाता है.







