जमशेदपुर: जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए गुरुवार देर रात को रिगल चौक के पास से एक बदमाश को हथियार के साथ गिरफ्तार किया है. इस दौरान उसके साथ मौजूद दो अन्य बदमाश पुलिस को चकमा देकर फरार होने में सफल हो गए. पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस के अनुसार गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध युवक रिगल चौक के पास हथियार के साथ घूम रहे हैं और किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं. सूचना मिलते ही बिष्टुपुर थाना पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया. इसी दौरान पुलिस ने सोनारी थाना क्षेत्र के खूंटाडीह मस्जिद रोड निवासी आकाश गोराई उर्फ छोटू (24) को पकड़ लिया. (नीचे भी पढ़ें)
पकड़े गए आरोपी की तलाशी लेने पर उसके पास से एक देशी पिस्टल और एक जिंदा गोली बरामद हुई. पुलिस ने तत्काल उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी. पूछताछ के दौरान यह जानकारी सामने आई कि उसके साथ हेते बाबा उर्फ विकास सिंह और बंटी सिंह भी मौके पर मौजूद थे. हालांकि पुलिस की कार्रवाई के दौरान दोनों अंधेरे और भीड़ का फायदा उठाकर वहां से फरार हो गए. (नीचे भी पढ़ें)
पुलिस का मानना है कि तीनों बदमाश किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने के इरादे से हथियार के साथ निकले थे. समय रहते पुलिस की सक्रियता और चौकसी के कारण एक आरोपी को हथियार सहित गिरफ्तार कर लिया गया, जिससे संभावित घटना टल गई. फिलहाल बिष्टुपुर थाना में आकाश गोराई समेत तीनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है. गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर उसके आपराधिक इतिहास और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है.







