जमशेदपुर : जमशेदपुर में तेज आवाज करने वाले मॉडिफाइड साइलेंसर वाली बाइकों के खिलाफ यातायात पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए विशेष अभियान चलाया. दो दिनों तक चले इस अभियान में पुलिस ने 42 बुलेट मोटरसाइकिलों को पकड़ा और उनके चालकों से कुल 2.10 लाख रुपये का जुर्माना वसूला. यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडे और सिटी एसपी कुमार शिवाशीष के निर्देश पर की गई. अभियान का नेतृत्व यातायात डीएसपी नीरज पाठक ने किया. पुलिस के अनुसार शहर में लगातार मॉडिफाइड साइलेंसर वाली बाइकों से हो रहे ध्वनि प्रदूषण की शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद यह विशेष अभियान चलाया गया. (नीचे भी पढ़ें)
अभियान के तहत यातायात पुलिस की टीम ने शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और व्यस्त सड़कों पर सघन जांच अभियान चलाया. इस दौरान विशेष रूप से उन बाइकों को रोका गया जिनमें तेज आवाज करने वाले मॉडिफाइड साइलेंसर लगाए गए थे. पुलिस ने जांच के दौरान ऐसे वाहनों के दस्तावेज भी जांचे और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर चालान काटा. यातायात डीएसपी नीरज पाठक ने बताया कि बुधवार और गुरुवार को शहर के अलग-अलग इलाकों में यह कार्रवाई की गई. जांच के दौरान पकड़ी गई सभी बुलेट मोटरसाइकिलों से मॉडिफाइड साइलेंसर मौके पर ही जब्त कर लिए गए. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने कहा कि तेज आवाज वाले साइलेंसर न सिर्फ ध्वनि प्रदूषण बढ़ाते हैं बल्कि इससे सड़क पर चलने वाले आम लोगों, बुजुर्गों और मरीजों को भी काफी परेशानी होती है. कई बार अचानक तेज आवाज से सड़क दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ जाती है. यातायात पुलिस ने बताया कि जब्त किए गए साइलेंसरों को नष्ट करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. साथ ही वाहन चालकों को चेतावनी दी गई है कि वे अपने वाहनों में किसी भी तरह का अवैध मॉडिफिकेशन न कराएं. पुलिस ने साफ किया है कि शहर में ध्वनि प्रदूषण और ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन को रोकने के लिए इस तरह का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा. यातायात पुलिस ने लोगों से नियमों का पालन करने और सुरक्षित व जिम्मेदार तरीके से वाहन चलाने की अपील की है.







