रामगोपाल जेना/चाईबासा : हटगमहारिया प्रखंड अंतर्गत पंचायत सिंदरी गौरी के ग्राम ब्लांडिया स्थित हाई स्कूल परिसर में बन रहे प्लस टू भवन के निर्माण कार्य में मजदूरों के शोषण का मामला सामने आया है. निर्माण स्थल पर न तो किसी प्रकार का सूचना बोर्ड लगा है और न ही मजदूरों को सरकारी न्यूनतम मजदूरी की जानकारी दी गई है. (नीचे भी पढ़ें)
झारखंड जेनरल कामगार यूनियन के प्रखंड अध्यक्ष सुनील लागुरी ने जब निर्माण कार्य का निरीक्षण किया तो मजदूरों ने बताया कि उन्हें प्रतिदिन मात्र 300 रुपये मजदूरी दी जा रही है. इस पर सुनील लागुरी ने मजदूरों को जानकारी देते हुए कहा कि वर्तमान में झारखंड सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम मजदूरी दर 503 रुपये प्रतिदिन है. उन्होंने आरोप लगाया कि ठेकेदार द्वारा नियमों की अनदेखी करते हुए मजदूरों का शोषण किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि अबुआ सरकार में भी ठेकेदारों की मनमानी जारी है, जिसका खामियाजा मजदूरों को भुगतना पड़ रहा है. (नीचे भी पढ़ें)
सुनील लागुरी ने कहा कि निर्माण कार्य स्थल पर बोर्ड नहीं लगाए जाने से मजदूरों को यह भी जानकारी नहीं है कि उन्हें सरकार द्वारा निर्धारित मजदूरी कितनी मिलनी चाहिए. उन्होंने प्रशासन से मामले की जांच कर ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. इस मौके पर शुभनाथ लागुरी, बिरसा लागुरी, तोगेश केसरी, रमेश चंद्र लागुरी, मदन सिंकू, महिंद्रा लागुरी सहित कई मजदूर उपस्थित थे.




