जमशेदपुर : जमशेदपुर में रविवार को एक प्रेरणादायक सुबह देखने को मिली, जब लगभग 180 बच्चों ने “मिनी माइल्स मैराथन” में भाग लिया. प्रोजेक्ट मासूम के तहत बाल सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से उक्त आयोजन किया गया. कार्यक्रम में टाटा स्टील यूआइएसएल के प्रबंध निदेशक अतुल भटनागर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, उनके साथ सुरभि भटनागर भी मौजूद रहीं. उनकी उपस्थिति ने इस पहल को और प्रोत्साहन दिया, जिसका उद्देश्य बच्चों को व्यक्तिगत सुरक्षा और जिम्मेदार डिजिटल व्यवहार के प्रति जागरूक करना था. (नीचे भी पढ़ें)
यह मैराथन केवल दौड़ तक सीमित नहीं थी, बल्कि इसके माध्यम से बच्चों को महत्वपूर्ण सुरक्षा संदेश भी दिए गए. इंटरएक्टिव सत्रों के जरिए बच्चों को सुरक्षित और असुरक्षित स्पर्श, अपनी बात खुलकर कहने की महत्ता, तथा डिजिटल दुनिया में सुरक्षित रहने के उपायों के बारे में बताया गया. (नीचे भी पढ़ें)
कार्यक्रम का एक महत्वपूर्ण हिस्सा बच्चों को सरल लेकिन प्रभावी “मैजिक मंत्र” — नो, गो, टेल से परिचित कराना था, जिसके माध्यम से उन्हें सिखाया गया कि किसी भी असुरक्षित स्थिति में ना कहें, वहां से दूर जाएं और किसी विश्वसनीय बड़े व्यक्ति को तुरत बताएं. बच्चों को चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 के बारे में भी जानकारी दी गई, ताकि किसी भी असुरक्षित स्थिति में वे तुरत सहायता प्राप्त कर सकें. यंग इंडियंस, जमशेदपुर के सभी सदस्यों ने इस कार्यक्रम के आयोजन और संचालन में सक्रिय भूमिका निभाई, जिससे यह आयोजन बच्चों के लिए सार्थक और यादगार बन सका.



