सरायकेला : सरायकेला में पुलिस की सतर्कता से एक संभावित बड़ी आपराधिक घटना होने से पहले ही टल गई. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को हथियार और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्त में आये आरोपियों में धीरज कुमार उर्फ छोटू साव (35 वर्ष), शेखर कुमार उर्फ पप्पू यादव (32 वर्ष), शिवा कुमार (32 वर्ष) और रमेश आनंद (47 वर्ष) शामिल है. मिली जानकारी के अनुसार 15 मार्च को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ लोग हथियार के साथ किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं. सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई और मामले की जानकारी वरीय अधिकारियों को दी गई. इसके बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सरायकेला के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया. (नीचे भी पढ़ें)

गठित टीम ने इलाके में छापेमारी शुरू की. इसी दौरान पुलिस की नजर एक ब्लू रंग की ऑटो पर पड़ी, जिसमें चार संदिग्ध व्यक्ति बैठे हुए थे. पुलिस जैसे ही ऑटो के करीब पहुंची, चारों संदिग्ध पुलिस को देखकर भागने की कोशिश करने लगे. लेकिन पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए सशस्त्र बल की मदद से चारों को घेराबंदी कर मौके पर ही पकड़ लिया. पकड़े जाने के बाद जब उनसे पूछताछ की गई तो सभी ने अपना नाम बताया. (नीचे भी पढ़ें)
पुलिस ने जब उनसे भागने का कारण पूछा तो वे कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके. इसके बाद पुलिस ने चारों की तलाशी ली. तलाशी के दौरान धीरज कुमार के पास से लोहे से बना एक देसी कट्टा बरामद हुआ. वहीं शेखर कुमार की जेब से 8 एमएम के तीन और 315 एमएम का एक जिंदा कारतूस मिला. इसके अलावा रमेश आनंद के पास मौजूद ब्लू रंग की ऑटो (रजिस्ट्रेशन नंबर जेएच05इएफ-5369) को भी विधिवत जब्त सूची बनाकर जब्त कर लिया गया. पुलिस ने इस मामले में संबंधित धाराओं के तहत कांड दर्ज करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. इस पूरी कार्रवाई में आदित्यपुर थाना प्रभारी विनोद तिर्की, सुनील कुमार सिंह, महेश उरांव, धर्मराज कुमार, आरक्षी दीपक कुमार, अगद कुमार पांडे और नीतीश कुमार पांडे सहित अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही.



