धनबाद : झारखंड की कोयला का शहर कहे जाने वाले धनबाद नगर निगम में अब सिंह सरकार बन गयी है. मेयर के तौर पर संजीव सिंह ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली. वहीं, 55 वार्ड सदस्यों ने भी शपथ ग्रहण किया. इस दौरान पूरा सिंह मेंशन धनबाद के डीसी ऑफिस में जुटा था. धनबाद के उपायुक्त आदित्य रंजन ने सभी लोगों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलायी. इस दौरान मेयर बनने के बाद संजीव सिंह ने कहा कि विकास और स्वच्छता पर फोकस होकर काम होगा. उन्होंने कहा कि सड़क, पेयजल, सफाई और अन्य मूलभूत सुविधाओं पर प्राथमिकता के साथ काम किया जायेगा ताकि शहर को बेहतर बनाया जा सके. (नीचे भी पढ़ें)
धनबाद नगर निगम के मेयर और पार्षदों के शपथ ग्रहण के बाद डिप्टी मेयर का चुनाव की प्रक्रिया संपन्न हुई. इसमें वार्ड नंबर 7 के पार्षद और संजीव सिंह खेमे के अरुण चौहान ने जीत दर्ज की. 55 में 50 पार्षदों ने उनका ही समर्थन कर दिया जबकि उनके खिलाफ चुनाव लड़ रही वार्ड नंबर 33 की पार्षद मेनका सिंह को सिर्फ 5 मत ही मिल सके. इस दौरान मेयर संजीव सिंह ने डिप्टी मेयर अरुण चौहान का स्वागत किया और अभिनंदन किया. इस दौरान दोनों ने मिलकर काम करने की संकल्प को दोहराया.



