मेदिनीनगर (पलामू) : उपायुक्त समीरा एस ने सोमवार को समाहरणालय स्थित सभागार में तकनीकी विभागों के कार्यपालक अभियंताओं के साथ बैठक कर विभागवार संचालित योजनाओं की समीक्षा की. इस दौरान उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कार्यों में तेजी लाने पर जोर दिया. बैठक में पेयजल एवं स्वच्छता, ग्रामीण कार्य, पथ निर्माण विभागों के साथ ही ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल, भवन निर्माण, जल पथ प्रमंडल तथा विद्युत विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की विस्तार से समीक्षा की गई. उपायुक्त ने वाटरवेज प्रमंडल द्वारा संचालित दोनों पाइपलाइन योजनाओं को निर्धारित समय में पूरा करने का निर्देश दिया. (नीचे भी पढ़ें)
चेक डैम निर्माण के कार्यों की समीक्षा के दौरान डीसी ने स्पष्ट कहा कि जो योजनाएं एक वर्ष से अधिक समय से लंबित हैं और जिन पर कार्य प्रारंभ नहीं हुआ है, उन्हें बंद करने की प्रक्रिया शुरू की जाए. वहीं विभिन्न स्थानों पर निर्माणाधीन स्वास्थ्य उपकेंद्रों के कार्य में तेजी लाने का निर्देश भी जिला अभियंता को दिया. आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण की समीक्षा में कई संवेदकों द्वारा कार्य शुरू नहीं किए जाने पर नाराजगी जताते हुए उपायुक्त ने संबंधित संवेदकों के साथ समन्वय स्थापित कर शीघ्र कार्य प्रारंभ कराने का निर्देश दिया. उपायुक्त ने सभी पदाधिकारियों को पूरी तैयारी के साथ बैठक में शामिल होने तथा पूर्ण हो चुकी योजनाओं को संबंधित विभागों को हस्तांतरित करने पर बल दिया. उन्होंने कहा कि विभागीय कार्यप्रणाली ऐसी होनी चाहिए कि प्रत्येक समीक्षा बैठक में प्रगति स्पष्ट रूप से दिखाई दे. बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यपालक अभियंता उपस्थित थे.



