गालूडीह: गालूडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत उलदा पंचायत के पुतरु गांव में मंगलवार को मां मंगला उषा पूजा धूमधाम से की गयी. गांव के तालाब से श्रद्धालुओं ने गाजे-बाजे के साथ मां मंगला उषा की घट यात्रा निकाली. महिलाओं ने तालाब में स्नान कर माता मंगला से सुख और समृद्धि का आशीर्वाद मांगा. भक्ति भाव से माता की पूजा-अर्चना की गयी. इस वार्षिक पूजा-अर्चना में समाज के सभी जाति वर्ग के लोगों ने शामिल होकर मां मंगला दरबार में माथा टेक आशीर्वाद लिया. सैकड़ों महिला-पुरुष व किशोरियों ने उपवास रखकर श्रद्धासुमन के साथ मां की पूजा-अर्चना की. मां के दरबार में मौसमी फलों का भोग लगाया गया. पूजा स्थल पर बलि भी चढ़ाई गयी. साथ ही मन्नत रखने वालों ने मन्नत रखी. जिनकी मन्नत पूरी हुई, उन्होंने मां मंगला के चरणों में भोग चढ़ाया. ग्रामीणों ने बताया कि समाज और गांव की सुख शांति के लिए यह पूजा पूर्वजों के समय से समाज के लोगों द्वारा प्रतिमा स्थापित कर की जा रही है. वहीं, शाम को पूजा संपन्न होने के बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का भी वितरण किया गया.



