जमशेदपुर : जमशेदपुर के डिमना स्थित एमजीएम अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक अनुशासित और जवाबदेह बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार देर रात औचक निरीक्षण किया गया. अधीक्षक डॉ बलराम झा के निर्देश पर हॉस्पिटल मैनेजर और फाइनेंस मैनेजर ने संयुक्त रूप से अस्पताल के विभिन्न वार्डों और विभागों का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान सातवें तल्ले से लेकर ग्राउंड फ्लोर तक जांच की गई. इस दौरान एक दर्जन से अधिक कर्मचारी बिना अटेंडेंस दर्ज कराए ड्यूटी करते मिले. अस्पताल प्रबंधन ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए सभी संबंधित कर्मचारियों को कड़ी चेतावनी दी और भविष्य में ऐसी गलती नहीं दोहराने का निर्देश दिया. अस्पताल प्रशासन ने स्पष्ट किया कि पहली बार मामला सामने आने के कारण कर्मचारियों को चेतावनी देकर छोड़ दिया गया है. (नीचे भी पढ़ें)
हालांकि शनिवार से यदि कोई कर्मचारी बिना अटेंडेंस दर्ज किए ड्यूटी करता पाया गया, तो उसे अनुपस्थित माना जाएगा. इसके साथ ही संबंधित कर्मचारी को शोकॉज नोटिस जारी कर विभागीय कार्रवाई भी की जाएगी. निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कर्मचारियों को समय पर ड्यूटी करने, अनुशासन का पालन करने तथा मरीजों और उनके परिजनों के साथ संवेदनशील एवं सम्मानजनक व्यवहार बनाए रखने का निर्देश दिया. अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने और कार्यप्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए भविष्य में भी इस तरह के औचक निरीक्षण नियमित रूप से जारी रहेंगे.




