जमशेदपुर : टाटा स्टील फाउंडेशन ने अपने सीएसआर पहल के तहत 2026-2029 सत्र के लिए डिप्लोमा कोर्स में एडमिशन की प्रक्रिया शुरू कर दी है. 10वीं या 12वीं के बाद तकनीकी क्षेत्र में कैरियर बनाने वाले को यह मौका मिलेगा. इस एडमिशन के तहत दो प्रमुख संस्थानों में पढ़ाई का अवसर मिलेगा. पहला है टाटा स्टील टेक्निकल इंस्टीट्यूट (टीएसटीआइ), बर्मामाइंस, जमशेदपुर और दूसरा है जेएन टाटा टेक्निकल एजुकेशन सेंटर (जेएनटीटीइसी), गोपालपुर, ओडिशा. यहां छात्रों को इलेक्ट्रिकल एंड इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग, ऑटोमेशन एंड रोबोटिक्स इंजीनियरिंग और मेकाट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग एंड स्मार्ट फैक्ट्री जैसे आधुनिक कोर्स में डिप्लोमा करने का मौका मिलेगा. आवेदन करने के लिए छात्र का 10वीं या 12वीं पास होना जरूरी है. (नीचे भी पढ़ें)
साथ ही मैथ्स और साइंस में कम से कम 45 फीसदी अंक अलग-अलग और दोनों विषयों को मिलाकर कुल 50 फीसदी अंक होना चाहिए. उम्र सीमा की बात करें, तो 1 जुलाई 2026 तक उम्मीदवार की उम्र 21 वर्ष से ज्यादा नहीं होनी चाहिए. आर्थिक रूप से कमजोर और वंचित वर्ग के छात्रों को प्राथमिकता दी जायेगी. इसके अलावा उम्मीदवार का टाटा स्टील के संचालन क्षेत्र से होना भी जरूरी है. आवेदन प्रक्रिया को आसान बनाया गया है. इच्छुक छात्र सीधे अपने क्षेत्र के मोबिलाइजेशन को-ऑर्डिनेटर के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं. ध्यान रखें कि सभी जरूरी दस्तावेज सही तरीके से जमा करना बेहद जरूरी है, ताकि आपका आवेदन निरस्त न हो. शॉर्टलिस्ट किये गये उम्मीदवारों की सूची उनके को-ऑर्डिनेटर द्वारा आगे भेजी जायेगी. आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि पांच मई 2026 निर्धारित की गयी है. इसके बाद पात्र उम्मीदवारों की परीक्षा नौ मई से 15 मई 2026 के बीच आयोजित होगी. इस परीक्षा में पास होना जरूरी है, क्योंकि इसी के आधार पर स्पॉन्सरशिप और एडमिशन मिलेगा.



