जमशेदपुर: जमशेदपुर में विगत 24 फ़रवरी को हमले में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गयी है. मृतक के परिजनों ने आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर थाना परिसर में शव के साथ प्रदर्शन किया. जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र निवासी कमलजीत सिंह की बीती रात इलाज के दौरान मौत हो गयी. जानकारी के अनुसार, बीते 24 फरवरी को कमलजीत सिंह पर मिलन नामक युवक ने चापड़ से जानलेवा हमला कर दिया था, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया था. घटना के बाद उसे इलाज के लिए पहले रांची के रिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से बाद में उसे जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल लाया गया था. यहां उसका इलाज चल रहा था, लेकिन बीती रात उसने दम तोड़ दिया. इधर, कमलजीत सिंह की मौत के बाद परिजनों में आक्रोश फैल गया. (नीचे भी पढे़ं)
गुस्साए परिजन शव के साथ गोलमुरी थाना पहुंचे और जोरदार प्रदर्शन किया. परिजनों ने पुलिस से मांग की है कि मामले में फरार आरोपी मिलन को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए और उसे कड़ी सजा दिलाई जाए. वहीं, पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और आरोपी की तलाश के लिए छापेमारी की बात कह रही है.



