रामगोपाल जेना / चक्रधरपुर : पश्चिम सिंहभूम के केरा क्षेत्र में प्राचीन आस्था और परंपरा का प्रतीक 400 वर्ष पुरानी मां भगवती चैत्र पूजा का शुभारंभ शुभ घट स्थापना के साथ भव्य रूप से किया गया. इस ऐतिहासिक शक्ति पूजा के अवसर पर हजारों श्रद्धालु उपस्थित होकर मां भगवती की आराधना में लीन हो गए. पूजा स्थल पर वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक विधि-विधान के बीच घट स्थापना की गयी, जिससे पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण व्याप्त हो गया. श्रद्धालुओं ने मां महामाया, आदि शक्ति और भगवती के जयकारों के साथ अपनी श्रद्धा अर्पित की. यह चैत्र पूजा न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र है, बल्कि क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत और परंपरा का भी प्रतीक है. हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस ऐतिहासिक पूजा के साक्षी बन रहे हैं और मां से सुख-समृद्धि की कामना कर रहे हैं. पूरे आयोजन के दौरान “जय महामाया… जय मां आदि शक्ति… जय भगवती” के जयघोष से वातावरण गूंज उठा.



