गालूडीह: घाटशिला प्रखंड के गालूडीह स्थित महुलिया लैंपस में अंतिम तिथि 31 मार्च 2026 तक 203 किसानों से 8743.35 क्विंटल धान खरीदी हुई है. वहीं, चावल मिल ने मात्र 5079 क्विंटल धान उठाव किया है. इसके कारण गोदाम फुल है. अंतिम तिथि के बाद लैंपस में धान खरीदी बंद है. किसान परेशान हैं. खरीद बंद होने और भुगतान लंबित रहने से किसान दोहरी मार झेल रहे हैं. लैंपस कर्मियों ने बताया कि महुलिया लैंपस का गोदाम भर गया है. 31 मार्च से पहले ही धान खरीदी मजबूरी में बंद करनी पड़ी. फिलहाल आदेश के तहत खरीद बंद कर दी गई है. (नीचे भी पढे़ं)
यदि आगे सरकार से नया निर्देश आता है, तो खरीद प्रक्रिया फिर से शुरू की जा सकती है. महुलिया लैंपस में करीब 600 पंजीकृत किसान हैं. अबतक 203 किसानों से 8743.35 क्विंटल धान खरीदा गया है. मां शाकम्भरी ग्लोबल राइस मिल ने 5079 क्विंटल धान उठाव के बाद से प्रक्रिया बंद है. जिसका फायदा उठाकर बिचौलिये सक्रिय हैं. गरीब किसान खुले बाजार में औने-पौने दाम पर धान बेचने को विवश हैं.




