जमशेदपुर : जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद के बाद एक टेंपो चालक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. मृतक की पहचान 31 वर्ष छोटू निषाद के रूप में हुई है. घटना बेल्डीह स्कूल गेट नंबर-3 के सामने स्थित एक आउटहाउस की है, जहां गुरुवार को यह दर्दनाक मामला सामने आया. प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार की रात छोटू निषाद का अपनी पत्नी पिंकी देवी के साथ गाड़ी चलाने को लेकर विवाद हुआ था. बताया जाता है कि छोटू अक्सर शराब के नशे में टेंपो चलाते थे, जिसका उनकी पत्नी विरोध करती थीं. इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई थी. (नीचे भी पढ़ें)
गुरुवार सुबह पिंकी देवी काम पर चली गई थीं. करीब 11 बजे जब वह वापस लौटीं तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला. शक होने पर उन्होंने खिड़की से अंदर झांककर देखा तो उनके पति फंदे से लटके हुए थे. यह देख उनके होश उड़ गए और उन्होंने तुरंत आसपास के लोगों को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस को बुलाया गया. सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतारा और कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और परिजनों से पूछताछ कर रही है. पत्नी पिंकी देवी ने बताया कि उनकी शादी को करीब 15 वर्ष हो चुके हैं, लेकिन उनके कोई संतान नहीं है. पति की शराब पीने की आदत को लेकर अक्सर विवाद होता था. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आत्महत्या के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है.














