आदित्यपुर : सरायकेला खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र के सालडीह बस्ती में दिनदहाड़े चापड़बाजी और फायरिंग की घटना को अंजाम दिया गया है. इससे बस्तीवासियों ने भी जमकर पत्थरबाजी की, जिसके बाद 20 से 25 की संख्या में आये अपराधी भाग निकले. वहीं घटना की जानकारी पुलिस को दी गयी. पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और वहां से दो जिंदा गोली और एक मैगजीन बरामद की है. पूरी घटना बस्ती में लगी सीसीटीवी में कैद हो गयी है. उसमें साफ दिख रहा है कि 20-25 की संख्या में अपराधी बस्ती में पहुंचे और तांडव मचाने लगे. बस्ती में दहशत फैलाने के चापड़बाजी और फरसे से युवकों पर हमला भी किये है. गनीमत रही कि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है. (नीचे भी पढ़ें)
रंगदारी और वर्चस्व के लिए की गयी फायरिंग और चापड़बाजी – बस्तीवासियों ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार सुबह जिन युवकों ने बस्ती में फायरिंग की है वे लोग पहले भी बस्ती में ऐसी घटनाओं को अंजाम दिये है. इसमें आलोक, छोटू महतो, गोविंदा, प्रेम बच्चा, चंदन बच्चा, सुदेश लंबू, सागर महतो, पवन महतो, राजू कुमार, रवि नायक और शुभम महंती समेत दर्जनों युवकों का नाम शामिल है. ये आय दिन लोगों को धमकी देते है और रंगदारी की मांग करते है.
दो जिंदा गोली व मैगजीन बरामद – थाना प्रभारी ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस दल बल के साथ मौके पर पहुंची और घटना से दो जिंदा गोली और मैगजीन बरामद की. फिलहाल पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गयी है.














