जमशेदपुर : जमशेदपुर के गोविंदपुर थाना क्षेत्र के छोटा गोविंदपुर में शनिवार देर रात एक तेज रफ्तार भारी वाहन ने जमकर उत्पात मचाया. बेकाबू होकर दौड़ रहे वाहन ने एक घर की चहारदीवारी तोड़ दी और भीतर घुसकर खड़े तीन वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना रात करीब 11 बजे की है. छोटा गोविंदपुर निवासी पिंकी सिंह के घर के बाहर अचानक तेज आवाज हुई. आवाज सुनकर परिवार के सदस्य जब बाहर निकले तो देखा कि एक भारी वाहन उनकी चहारदीवारी को तोड़ते हुए अंदर घुस चुका है और वहां खड़े वाहनों को एक-एक कर टक्कर मारकर नुकसान पहुंचा चुका है. (नीचे भी पढ़ें)
घटना के दौरान चालक मौके से वाहन छोड़कर फरार हो गया. स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही गोविंदपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया. पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन और दुर्घटनाग्रस्त भारी वाहन को कब्जे में ले लिया है. पीड़ित परिवार ने बताया कि इस हादसे में उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है. उन्होंने वाहन मालिक से नुकसान की भरपाई की मांग की, लेकिन मामला नहीं सुलझने पर अंततः थाने में वाहन चालक और मालिक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई. (नीचे भी पढ़ें)
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है. फरार चालक की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं. साथ ही वाहन मालिक की भूमिका की भी जांच की जा रही है. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से ऐसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए सख्त कदम उठाने की मांग की है.














