चाकुलिया : चाकुलिया प्रखंड के ढेंगाम गांव में 16 प्रहर अखंड हरिनाम संकीर्तन का विधिवत शुभारंभ हो गया है. आयोजन के साथ ही पूरे गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में भक्ति और श्रद्धा का वातावरण व्याप्त हो गया है. संकीर्तन स्थल पर राधा-गोविंद के नाम के कीर्तन से वातावरण पूरी तरह आध्यात्मिक रंग में रंग गया है. इस धार्मिक आयोजन में विभिन्न संकीर्तन मंडलियों की सक्रिय भागीदारी देखी जा रही है. इनमें जय निताई संकीर्तन संप्रदाय, ढेंगाम; कपाटकाटा जय गुरु महिला संकीर्तन संप्रदाय, खरखरी संकीर्तन संप्रदाय, जय गुरु निताई संकीर्तन संप्रदाय और राधा-गोविंद बाणेश्वरी महिला संकीर्तन संप्रदाय प्रमुख रूप से शामिल हैं. (नीचे भी पढे़ं)

सभी किर्तन मंडलियां क्रमवार हरिनाम संकीर्तन प्रस्तुत कर रहे हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार हो रहा है. आयोजन समिति के सदस्यों के अनुसार 16 प्रहर तक चलने वाले इस अखंड संकीर्तन में क्षेत्र के विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है. संकीर्तन स्थल पर श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं भी की गई हैं. ग्रामीणों का कहना है कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजनों से न केवल भक्ति भाव का प्रसार होता है, बल्कि समाज में एकता, भाईचारा और आपसी सद्भाव भी मजबूत होता है.














