चांडिल : चांडिल अनुमंडल के कुकडू प्रखंड अंतर्गत तिरुलडीह पंचायत स्थित सापारुम गांव में जंगली हाथी के हमले से एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई. मृतक की पहचान राधा तंतुबाई (उम्र लगभग 55 से 60 वर्ष) के रूप में की गई है. इस घटना के बाद पूरे इलाके में भय और दहशत का माहौल व्याप्त है. प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार की सुबह एक जंगली हाथी अचानक गांव में प्रवेश कर गया. ग्रामीणों को संभलने का मौका भी नहीं मिला और इसी दौरान राधा तंतुबाई उसकी चपेट में आ गए. हाथी ने उन्हें कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई. घटना इतनी भयावह थी कि आसपास मौजूद लोग डर के मारे कुछ भी नहीं कर सके. (नीचे भी पढ़ें)
घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई. लोग अपने घरों में दुबक गए और बाहर निकलने से कतरा रहे हैं. ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कुछ महीनों से इलाके में जंगली हाथियों की आवाजाही लगातार बढ़ी है, जिससे जान-माल का खतरा बना रहता है. कई बार खेतों में फसल भी बर्बाद हो चुकी है, लेकिन अब जान जाने की घटना ने लोगों को और ज्यादा भयभीत कर दिया है. स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन और वन विभाग से मांग की है कि हाथियों के बढ़ते आतंक पर रोक लगाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं. उनका कहना है कि नियमित निगरानी, सुरक्षा व्यवस्था और हाथियों को जंगल की ओर खदेड़ने की स्थायी व्यवस्था की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो. फिलहाल प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है और पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया गया है.



