रामगोपाल जेना / चक्रधरपुर / केरा : चैत्र पर्व के पावन अवसर पर मां भगवती सिद्धपीठ एवं ऐतिहासिक केरा राजबाड़ी के प्रांगण में आयोजित ‘श्री जात्रा घट 2026’ का शांतिपूर्ण, भव्य और धार्मिक वातावरण के बीच समापन हुआ. इस धार्मिक आयोजन ने क्षेत्र को पूरी तरह भक्तिमय बना दिया, जहां दूर-दराज से आए हजारों श्रद्धालुओं ने माता के दरबार में हाजिरी लगाई. कार्यक्रम के दौरान सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा. भक्तों ने पूरे विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर माता रानी से सुख, शांति और समृद्धि की कामना की. कई श्रद्धालुओं ने अपनी मन्नतें मांगीं तो वहीं कुछ ने पूर्ण हुई मनोकामनाओं के लिए माता का आभार भी व्यक्त किया. पूरे आयोजन स्थल पर भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला. (नीचे भी पढ़ें)

ढोल-नगाड़ों, शंखध्वनि और माता के जयकारों से वातावरण गुंजायमान रहा. श्रद्धालुओं की आस्था और विश्वास ने इस आयोजन को और भी विशेष बना दिया. सुरक्षा और व्यवस्था भी संतोषजनक रही, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ. स्थानीय लोगों के अनुसार, ‘श्री जात्रा घट’ का यह आयोजन वर्षों से क्षेत्र की धार्मिक परंपरा का अभिन्न हिस्सा रहा है, जिसमें हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं। यह केवल एक धार्मिक आयोजन ही नहीं, बल्कि सामाजिक और सांस्कृतिक एकता का भी प्रतीक है. मान्यता है कि मां भगवती के दरबार से कोई भी भक्त खाली हाथ नहीं लौटता, और आज उमड़ी जनसैलाब की श्रद्धा इस अटूट विश्वास की जीवंत मिसाल बनी. अंत में, सभी श्रद्धालुओं ने माँ भगवती से क्षेत्र में सुख-शांति और समृद्धि की कामना की तथा उनके आशीर्वाद की प्रार्थना की.



