जमशेदपुर: जमशेदपुर के मानगो डिमना चौक स्थित एमजीएम अस्पताल में बुधवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक मरीज ने अस्पताल की खिड़की से छलांग लगाकर आत्महत्या करने की कोशिश की. हालांकि मौके पर तैनात होमगार्ड जवान की सतर्कता से एक बड़ा हादसा टल गया. जानकारी के अनुसार, जुगसलाई निवासी राम मुंडा अस्पताल के चौथे मंजिल स्थित मेडिकल वार्ड में भर्ती था. दोपहर के समय वह अचानक वार्ड से निकलकर तीसरी मंजिल पर पहुंच गया. वहां उसने खिड़की से कूदने की कोशिश की, जिससे आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया. इसी दौरान नियमित जांच पर तैनात होमगार्ड जवान सुरेंद्र प्रसाद की नजर उस पर पड़ी. स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए उन्होंने बिना देर किए मौके पर पहुंचकर मरीज को खिड़की से कूदने से पहले ही पकड़ लिया. उनकी त्वरित कार्रवाई से एक संभावित बड़ी दुर्घटना टल गई. (नीचे भी पढ़ें)
घटना के तुरंत बाद अन्य सुरक्षाकर्मियों को बुलाया गया और सभी की मदद से मरीज को सुरक्षित वापस मेडिकल वार्ड में लाया गया. उसे बेड नंबर 501 पर दोबारा भर्ती कर निगरानी में रखा गया है. इस घटना के बाद अस्पताल परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा. अस्पताल प्रबंधन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मरीज की मानसिक स्थिति की जांच कराने और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की बात कही है.



