नयी दिल्ली: 1984 के सिख विरोधी दंगा मामले में दोषी ठहराए गए पूर्व कांग्रेस सांसद सज्जन कुमार का गुरुवार को निधन हो गया. उन्हें तबीयत बिगड़ने के बाद सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित किया गया. उनके निधन की जानकारी सामने आ गई है. सज्जन कुमार तिहाड़ जेल में उम्रकैद की सजा काट रहे थे. 1984 के सिख विरोधी दंगों से जुड़े मामलों में उन्हें दोषी ठहराया गया था. वह दिल्ली की बाहरी दिल्ली लोकसभा सीट से कांग्रेस के सांसद भी रह चुके थे.दिल्ली हाई कोर्ट ने दिसंबर 2018 में सज्जन कुमार को 1984 के सिख विरोधी दंगों के दौरान पांच लोगों की हत्या और गुरुद्वारे को जलाने के मामले में उम्रकैद की सजा सुनाई थी. (नीचे भी पढ़े)
बाद में फरवरी 2025 में उन्हें एक अन्य मामले में भी पिता-पुत्र की हत्या के लिए दोषी ठहराते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई गई.जनवरी 2026 में दिल्ली हाई कोर्ट ने 1984 दंगा मामले से जुड़े एक मामले में सज्जन कुमार को बरी कर दिया था. अदालत ने कहा था कि हत्या के आरोपों को साबित करने के लिए पर्याप्त साक्ष्य नहीं थे. हालांकि, अन्य मामलों में मिली सजा के कारण उनकी जेल से रिहाई नहीं हुई थी.सज्जन कुमार ने 1980, 1991 और 2004 में लोकसभा चुनाव जीतकर संसद में प्रतिनिधित्व किया था. 2018 में दोषसिद्धि के बाद उन्होंने कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था.




