जमशेदपुर : जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के बाबूडीह में बुधवार देर रात तेज आवाज में डीजे बजाने और डांस करने की शिकायत पर पहुंची पुलिस टीम के साथ विवाद हो गया. विवाद बढ़ने पर पुलिस टीम पर पथराव और सरकारी वाहन में तोड़फोड़ किए जाने का आरोप है. घटना में एएसआई कृष्ण कुमार घायल हो गए. पुलिस ने मामले में पांच युवकों को हिरासत में लिया है. जानकारी के अनुसार, रात करीब 12 बजे डायल 112 पर बाबूडीह में तेज आवाज में डीजे बजाने और डांस किए जाने की शिकायत मिली थी. (नीचे भी पढ़ें)

सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवकों को समझाकर बाजा बंद कराने का प्रयास किया. इसी दौरान कुछ युवक पुलिसकर्मियों से उलझ गए और मामला देखते ही देखते हंगामे में बदल गया. पुलिस के अनुसार, हंगामे के दौरान पुलिस टीम पर पथराव किया गया और सरकारी वाहन में तोड़फोड़ की गई. पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट की कोशिश के अलावा एएसआइ कृष्ण कुमार का मोबाइल छीनने और पुलिस की राइफल छीनने का प्रयास किए जाने का भी आरोप है. स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को नियंत्रित किया और पांच युवकों को हिरासत में लेकर सिदगोड़ा थाना ले गई. (नीचे भी पढ़ें)
घटना में घायल एएसआइ कृष्ण कुमार को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया. इधर, हिरासत में लिए गए युवकों के परिजन और कुछ स्थानीय लोग भी सिदगोड़ा थाना पहुंचे. उन्होंने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि बस्ती के लोगों के साथ पुलिसकर्मियों ने मारपीट की. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. पथराव और सरकारी वाहन में तोड़फोड़ करने वालों की पहचान की जा रही है. पुलिस टीम पर हमला और सरकारी काम में बाधा डालने के आरोप में कानूनी कार्रवाई की तैयारी है. पुलिस दोनों पक्षों की ओर से लगाए गए आरोपों की भी जांच कर रही है.




