जमशेदपुर : जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना क्षेत्र में मंगलवार को दिल्ली पुलिस की बड़ी कार्रवाई से इलाके में सनसनी फैल गई. दिल्ली के विकासपुरी थाना की टीम ने जमशेदपुर पुलिस के सहयोग से सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के देवनगर न्यू बाराद्वारी में छापेमारी कर नशा तस्करी के आरोपी श्रवण जायसवाल उर्फ नीलू को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया. आरोपी के खिलाफ दिल्ली में एनडीपीएस एक्ट के तहत गंभीर मामला दर्ज है. प्राप्त जानकारी के अनुसार, विकासपुरी थाना की विशेष टीम गुप्त सूचना के आधार पर जमशेदपुर पहुंची थी. यहां पहुंचते ही टीम ने सीतारामडेरा थाना पुलिस से संपर्क कर पूरे मामले की जानकारी साझा की. इसके बाद संयुक्त रूप से कार्रवाई की रणनीति तैयार की गई. (नीचे भी पढ़ें)

मंगलवार को वार्ड नंबर-7 स्थित न्यू बाराद्वारी इलाके में पुलिस ने घेराबंदी कर दबिश दी. पुलिस टीम ने सीधे आरोपी के घर पर छापा मारा, जहां से श्रवण जायसवाल (पिता- जगन्नाथ प्रसाद जायसवाल) को हिरासत में ले लिया गया. सूत्रों के मुताबिक, आरोपी लंबे समय से दिल्ली पुलिस के रडार पर था और उसकी तलाश की जा रही थी. बताया जा रहा है कि वह नशा तस्करी के नेटवर्क से जुड़ा हुआ है और दिल्ली में उसके खिलाफ पहले से केस दर्ज है. कार्रवाई के बाद दिल्ली पुलिस आरोपी को अपने साथ ले जाने की तैयारी कर रही है. वहीं स्थानीय पुलिस ने भी इस मामले में सहयोग की पुष्टि की है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आगे की जांच दिल्ली में ही की जाएगी और आरोपी से पूछताछ के बाद बड़े नेटवर्क का खुलासा हो सकता है.




