जमशेदपुर: मंगलवार देर रात पारडीह चौक के पास एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया, जब लकड़ी से लदा 407 वाहन (संख्या जेएच 05बीआर 7370) अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया. प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह वाहन डिमना चौक से कपाली की ओर जा रहा था. इसी दौरान रास्ते में अचानक एक टोटो सामने आ गया, जिसे बचाने के प्रयास में चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया और वाहन पलट गया. घटना के बाद कुछ देर के लिए इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत आजादनगर थाना को सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लेते हुए आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी. पुलिस द्वारा वाहन को हटाने और यातायात को सामान्य करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई.

गनीमत रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जान-माल की क्षति नहीं हुई. वाहन चालक भी पूरी तरह सुरक्षित बताया जा रहा है. हालांकि, वाहन के पलटने से सड़क पर कुछ समय के लिए आवागमन प्रभावित रहा. स्थानीय लोगों का कहना है कि पारडीह चौक के आसपास अक्सर ट्रैफिक दबाव अधिक रहता है, जिससे ऐसे हादसों की आशंका बनी रहती है. वहीं पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हादसे के पीछे अन्य कोई कारण तो नहीं था. इस घटना ने एक बार फिर सड़क पर सावधानी बरतने और ट्रैफिक नियमों के पालन की आवश्यकता को रेखांकित किया है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों से बचा जा सके.




