जमशेदपुर: जमशेदपुर स्थित गोविंदपुर क्षेत्र को गंदगी मुक्त और बीमारियों से सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से आज “स्वच्छ गोविंदपुर, स्वस्थ गोविंदपुर” अभियान के तहत एक वृहद सफाई अभियान चलाया गया. जिला परिषद सदस्य डॉ. परितोष सिंह एवं पंचायत समिति सदस्य सतवीर सिंह बग्गा के संयुक्त प्रयास से आयोजित इस अभियान में कई टन पुराने कचरे का निस्तारण किया गया. गंदगी की भयावह स्थिति को देखते हुए केवल मानव श्रम के बजाय जेसीबी और हाईवा वाहनों का सहारा लिया गया. घंटों चली इस प्रक्रिया में हाट बाजार और मुख्य सड़कों के किनारे लगे कूड़े के अंबार को हटाया गया.(नीचे भी पढ़े)

सफाई अभियान के दौरान मुख्य रूप से छोटा गोविंदपुर सरकारी हाट बाजार परिसर, मुख्य सड़क के किनारे और डबल स्टोरी क्षेत्र, हनुमान मंदिर के समीप जमा कचरा पॉइंट, सामुदायिक विकास मैदान अंकित ड्रेस के सामने तक कचरे को हटाया गया. अभियान के दौरान डॉ. परितोष सिंह ने कहा, “छोटा गोविंदपुर अक्सर मानसून के दौरान मलेरिया और डेंगू जैसी मच्छर जनित बीमारियों का केंद्र बन जाता है. इस कचरे का निस्तारण केवल सफाई नहीं, बल्कि जनस्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए उठाया गया एक कड़ा कदम है.वहीं, सतवीर सिंह बग्गा ने क्षेत्र की जनता से अपील करते हुए कहा कि स्वच्छता एक सामूहिक जिम्मेदारी है. उन्होंने स्थानीय लोगों से कूड़ा निर्धारित स्थान पर ही डालने का आग्रह किया ताकि गोविंदपुर को सुंदर और स्वस्थ बनाया जा सके.स्थानीय निवासियों ने इस पहल का स्वागत किया है और प्रशासन से मांग की है कि इस सफाई अभियान की निरंतरता बनाए रखने के लिए नियमित रूप से कचरा उठाव की व्यवस्था की जाए.







