इंफाल: मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने रविवार शाम अपना इस्तीफा गवर्नर को सौंप दिया. नए मुख्यमंत्री पर फैसला एक-दो दिन के भीतर लिया जाएगा. बीरेन सिंह पर राज्य में 21 महीने से जारी हिंसा के चलते काफी दबाव था. विपक्षी पार्टियां भी लगातार एनडीए से इस मुद्दे पर सवाल पूछ रही थीं. जानकारी के अनुसार गवर्नर ने अभी बीरेन सिंह से कार्यवाहक मुख्यमंत्री के तौर पर पद संभालने के लिए कहा.इस्तीफे का फैसला लेने से पहले बीरेन सिंह ने रविवार सुबह केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से दिल्ली में मुलाकात की थी.एक महीने पहले मणिपुर हिंसा पर बीरेन सिंह ने कहा था- मुझे माफ करें एक महीने पहले मणिपुर के सीएम बीरेन सिंह ने राज्य में हुई हिंसा और उसमें हुई जनहानि को लेकर माफी मांगी थी.(नीचे भी पढ़े)
बीरेन सिंह ने कहा था कि पूरा साल बहुत दुर्भाग्यपूर्ण रहा है. इसका मुझे बहुत दुख है. 3 मई 2023 से लेकर आज तक जो कुछ भी हो रहा है, उसके लिए मैं राज्य के लोगों से माफी मांगता हूं.सीएम बीरेन सिंह ने सेक्रेटेरिएट में मीडिया से चर्चा के दौरान कहा- कई लोगों ने अपने प्रियजन को खो दिया. कई लोगों ने अपना घर छोड़ दिया. मुझे वास्तव में खेद है. मैं माफी मांगना चाहता हूं. मणिपुर में 3 मई 2023 से कुकी-मैतेई समुदाय के बीच हिंसा जारी है. मैतेई-कुकी समुदाय के बीच भड़की हिंसा को 600 से ज्यादा दिन बीत चुके हैं.



