घाटशिला : घाटशिला थाना क्षेत्र के तमकपाल गांव के समीप एनएच-18 फोरलेन पर बुधवार की दोपहर एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने आगे चल रही इक्को कार को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी. इस दुर्घटना में कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना की सूचना मिलते ही हाईवे पेट्रोलिंग पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को घाटशिला अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया. अस्पताल के चिकित्सक डॉ. आरएन टुडू ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर रेफर कर दिया. मारुति इक्को (जेएच 05डीएम 4272) के चालक 26 वर्षीय नरेंद्र सिंह जो जमशेदपुर के साकची गुरुद्वारा बस्ती का रहने वाला है. (नीचे भी पढ़ें)

पुलिस ने दुर्घटनास्थल से ट्रेलर और इक्को कार को जब्त कर लिया है. स्थानीय लोगों के अनुसार, दुर्घटना का कारण काशिदा पुल के समीप एनएच-18 पर बना गहरा गड्ढा था. सड़क की जर्जर हालत के कारण वाहन चालकों को बार-बार परेशानी हो रही है, जिससे आए दिन सड़क दुर्घटना हो रही है. स्थानीय लोगों ने जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत कराने की मांग की.



