जमशेदपुर: जमशेदपुर के मानगो में फायरिंग और मारपीट से जुड़ा एक वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. वायरल वीडियो में एक व्यक्ति मारपीट कर हथियार लहराते हुए निकलता दिख रहा है. मानगो थाना प्रभारी निरंजन कुमार के पास वीडियो पहुंचने के बाद पुलिस ने इसमें दिख रहे युवक मुजाहिद के भतीजे को पूछताछ के लिए थाना बुलाया. पुलिस ने युवक को छोड़ दिया लेकिन लिखित बयान लिया कि अगर वीडियो में कोई सच्चाई पाई जाती है, तो उस पर कार्रवाई की जाएगी. पुलिस ने वीडियो को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजने का फैसला किया है. फिलहाल, मानगो थाना में वीडियो वायरल मामले को लेकर स्टेशन डायरी एंट्री कर जांच जारी है. (नीचे भी पढ़ें)
वीडियो को पप्पू सिंह नामक व्यक्ति द्वारा वायरल किया है. पुलिस ने तय किया है कि उन्हें नोटिस भेजकर जवाब मांगा जाएगा. जानकारी के मुताबिक, वीडियो मानगो इलाके का ही है, जिसे दया अस्पताल के मालिक के बेटे ने पप्पू सिंह को उपलब्ध कराया था. सूत्रों के अनुसार, पप्पू सिंह पहले कांग्रेस पार्टी से जुड़े थे और वर्तमान में दूसरी पार्टी के लिए काम कर रहे हैं. वे नगर निगम चुनाव लड़ने की भी तैयारी कर रहे हैं. मानगो थाना प्रभारी निरंजन कुमार के अनुसार, पूर्व के विवाद को लेकर ही वीडियो वायरल किया गया है. फिलहाल, इस पूरे मामले की जानकारी वरीय अधिकारियों को दे दी गयी है और पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है.



