रांची: हॉकी झारखंड ने 15वीं हॉकी इंडिया सीनियर महिला राष्ट्रीय चैंपियनशिप 2025 के फाइनल में धमाकेदार प्रदर्शन करते हुए गत चैंपियन को हराया. झारखंड की बेटियों ने हॉकी हरियाणा को शूटआउट में 4-3 से हराकर खिताब अपने नाम किया. यह रोमांचक मुकाबला पंचकूला में खेला गया, जिसमें 4 क्वार्टर के बाद स्कोर 1-1 की बराबरी पर था. इसके बाद शूटआउट में झारखंड ने बाजी मारी. मिली जानकारी के अनुसार, मैच की शुरुआत से ही दोनों टीमें आक्रामक रुख अपनाए हुए थीं. पहले हाफ में, हॉकी हरियाणा ने शुरुआत में खेल पर नियंत्रण बनाए रखा. लेकिन झारखंड ने भी मौके बनाए और पहले क्वार्टर में एक पेनाल्टी कॉर्नर जीता.(नीचे भी पढ़े)
हालांकि, वह गोल में तब्दील नहीं हो सका. दूसरे क्वार्टर में दोनों टीमों ने एक-एक पेनाल्टी कॉर्नर जीता, लेकिन हाफ टाइम तक कोई गोल नहीं हो पाया. बहरहाल, तीसरे क्वार्टर में 42वें मिनट में हॉकी हरियाणा को पेनल्टी कॉर्नर मिला, जिसे कप्तान रानी ने शानदार शॉट के साथ गोल में बदल दिया. लेकिन झारखंड ने इसका जवाब महज दो मिनट बाद दिया. प्रोमोदनी लकड़ा ने फील्ड गोल करते हुए खेल को 1-1 की बराबरी पर ला दिया. दोनों टीमें अंतिम क्वार्टर में जीत के लिए संघर्ष करती रही.जानकारी हो कि झारखंड की ओर से रजनी केरकेट्टा, निराली कुजूर, बिनिमा धन और कप्तान एलेबला रानी टोप्पो ने गोल किए. जबकि हॉकी हरियाणा की पिंकी, अन्नू और मनीषा ने गोल किए. हालांकि, झारखंड की गोलकीपर अंजलि भिंजिया ने 2 महत्वपूर्ण बचाव किए, जो उनकी टीम की जीत में अहम साबित हुए. बता दें कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी खिलाड़ियों को इस शानदार जीत के लिए बधाई दी है. सीएम ने अपने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर लिखा है, “शाबाश बेटियां. 15वीं हॉकी इंडिया सीनियर राष्ट्रीय महिला हॉकी चैंपियनशिप 2025 के फाइनल में हरियाणा को हराकर जीत दर्ज करने के लिए झारखंड की बेटियों को बहुत-बहुत बधाई और जोहार. चैंपियनशिप में अपने उम्दा खेल का प्रदर्शन करने वाली अन्य सभी टीमों को भी हार्दिक बधाई.



