रामगोपाल जेना,चाईबासा: झारखण्ड स्टेट क्रिकेट एसोशिएशन के तत्वावधान में पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ द्वारा आयोजित अंतर जिला महिला अंडर -19 क्रिकेट प्रतियोगिता के अंतर्गत आज खेले गए मैच में सिमडेगा ने कप्तान प्रियंका लूथरा की शानदार बल्लेबाजी (90 रन) की बदौलत खूंटी को 46 रनों से पराजित कर जीत का खाता खोला. आज की जीत के साथ सिमडेगा एवं खूंटी के चार-चार अंक हो गए हैं परंतु नेट रन रेट के आधार पर अंक तालिका में खूंटी सिमडेगा से उपर है. सिमडेगा का अंतिम लीग मैच गुमला से 22 मार्च को खेला जाएगा और अगर सिमडेगा वो मैच जीत जाती है तो उसका सुपर डिवीजन में क्वालीफाई करना पक्का हो जाएगा. ज्ञातव्य हो कि धनबाद की टीम अपने शुरुआत के दोनों मैच जीतकर आठ अंकों के साथ पहले ही सुपर डिवीजन में क्वालीफाई कर चुकी है.(नीचे भी पढ़े)

चाईबासा के बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम मैदान पर खेले गए आज के मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए सिमडेगा की टीम 39.3 ओवर में 178 रन बनाकर आल आउट हो गई. कप्तान प्रियंका लूथरा ने सोलह चौके एवं दो छक्के की मदद से मात्र 48 गेंदों पर 90 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली. लक्ष्मी कुमारी ने 33 तथा ज्योति कुमारी ने 25 रन बनाए. खूंटी की ओर से कप्तान किरण उरांव ने 20 रन देकर चार खिलाड़ियों को आउट किया. रिया कुमारी ने दो तथा काजल कुमारी एवं प्रीति कुमारी ने एक-एक विकेट हासिल किए.(नीचे भी पढ़े)
जीत के लिए निर्धारित लक्ष्य का पीछा करने उतरी खूँटी की टीम ने भी भरपूर प्रयास किया पर पूरी टीम 34.3 ओवर में 132 रन पर सिमट गई. खूंटी की ओर से रिया कुमारी ने पांच चौके की मदद से सर्वाधिक 29 रन बनाए. अन्य बल्लेबाजों में काजल कुमारी ने 17, सुनिका कुमारी ने 15 एवं कल अपने दमदार प्रदर्शन की बदौलत टीम को जीत दिलाने वाली कप्तान किरण उरांव ने 14 रनों का योगदान दिया. सिमडेगा की ओर से गेंदबाजी करते हुए मध्यम तेज गेंदबाज़ मेघा कुमारी ने 28 रन देकर तीन विकेट तथा कप्तान प्रियंका लूथरा ने 22 रन देकर दो विकेट हासिल किए. करिश्मा कुमारी, सोनी कुमारी एवं माही आन्या को एक-एक सफलता हाथ लगी.(नीचे भी पढ़े)
मैच समाप्ति के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में सिमडेगा के कप्तान प्रियंका लूथरा को उसके शानदार हरफनमौला प्रदर्शन कर टीम को जीत दिलाने के लिए प्लेयर ऑफ द मैच के पुरस्कार से नवाजा गया. पुरस्कार स्वरुप उसे पांच हजार रुपये का नकद पुरस्कार पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के कोषाध्यक्ष सुप्रियो फौजदार ने प्रदान की.



