जमशेदपुर : टाटा स्टील के कलिंगानगर स्थित स्टील मेल्टिंग शॉप में ब्लास्ट हो गया, जिसमें कई कर्मचारी घायल हो गए हैं. घायलों का इलाज टाटा स्टील मेडिका अस्पताल में चल रहा है. कंपनी का दावा है कि किसी तरह का गंभीर चोट नहीं आई है. बताया जाता है कि स्टील मेल्टिंग शॉप में सुबह की पाली में काम चल रहा था. इसी बीच अचानक मेल्टिंग शॉप में एक ब्लास्ट हुआ, जिससे वहां काम कर रहे करीब 5 से अधिक के मजदूर घायल हो गए. घटना के बाद क्विक रिस्पांस टीम ने कार्रवाई शुरू की और सभी को तत्काल अस्पताल ले जाया गया जहां उनका इलाज चल रहा है. (नीचे भी पढ़ें)
टाटा स्टील की ओर से जारी बयान में बताया गया है कि कंपनी में हादसे में कोई गंभीर चोट किसी भी कर्मचारी को नहीं लगी है. घटना के कारणों की जांच की जा रही है. यह हादसा कैसे हुआ और उसके बाद की स्थिति को नियंत्रित करने के लिए टाटा स्टील की पूरी टीम लगी हुई है. बताया जाता है कि टाटा स्टील कलिंगानगर प्लाट में स्टील मेल्टिंग शॉप में कुछ गड़बड़ी होने के कारण ब्लास्ट हुआ है. घायलों की सही संख्या अब तक सामने नहीं आई है.



