रामगोपाल जेना/चक्रधरपुर : बंदगांव प्रखंड की ओटार पंचायत अंतर्गत खैराडीह गांव निवासी रांदो बोदरा की 12 वर्षीया पुत्री सादरी बोदरा 8 वर्ष पहले जल गई थी. जल जाने के कारण सादरी बोदरा का एक हाथ और एक पैर पूरी तरह से सट गया था. लेकिन उसे समय बच्ची की उम्र कम होने के कारण उसका इलाज नहीं हो सका, जिससे बच्ची पूरी तरह दिव्यांगता का शिकार हो गई. इसी कड़ी में पूर्व उप मुखिया राम प्रकाश बोदरा ने बच्ची के इलाज को लेकर सुमिता होता फाउंडेशन के अध्यक्ष सह समाजसेवी सदानंद होता से संपर्क किया और पीड़िता बच्ची के बारे में विस्तार पूर्वक जानकारी दी. जानकारी मिलते ही शुक्रवार की सुबह समाजसेवी सदानंद होता खैराडीह गांव पहुंचे और बच्ची जहां पढ़ती है उस स्कूल जाकर बातचीत की. इस दौरान पता चला कि आग की चपेट में आने से 8 साल पहले बच्ची का शरीर जल गया था, जिससे वह दिव्यांग हो गई. बैसाखी के सहारे स्कूल आना-जाना, स्कूल में पढ़ाई करना है और दिनचर्या के सभी कार्य करती है, जिससे यह सभी कार्य करने में उसे काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है. (नीचे भी पढ़ें)
बच्ची से बातचीत करने के पश्चात समाजसेवी सदानंद होता ने कहा कि 8 साल पहले जब बच्ची अगलगी का शिकार हुई थी, तभी बच्ची का कोलकाता में इलाज कराया गया था, लेकिन उस समय बच्ची के शरीर पर मांस नहीं था. जिसके कारण पूरी तरह बच्ची का इलाज नहीं हो सका. डॉक्टर ने कहा था कि बच्ची के बड़ी होने पर उसके शरीर से मांस लेकर ऑपरेशन किया जाएगा. श्री होता ने कहा कि दिव्यांग बच्ची के बेहतर इलाज के लिए कटक मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया जाएगा, जहां बच्ची का इलाज बेहतर ढंग से होगा. इलाज के बाद बच्ची सामान्य रूप से कुछ हद तक चल फिर सकेगी. उसे बैसाखी की जरूरत नहीं पड़ेगी. बच्ची के इलाज को लेकर कटक मेडिकल कॉलेज में बात हो चुकी है. जल्द ही बच्ची को लेकर कटक में भर्ती कराया जाएगा. इस मौके पर स्कूल के शिक्षिका एवं अन्य ग्रामीण मौजूद थे.














