
चक्रधरपुर : सिंहभूम के पूर्व सांसद स्वर्गीय विजय सिंह सोय का 25वां शहादत दिवस गुरुवार को मनाया गया. इस मौके पर चक्रधरपुर शहर के इतवारी बाजार स्थित दिवंगत पूर्व सांसद विजय सिंह सोय के अस्थि समाधि स्थल पर लोगों ने फूल माला चढ़ाकर श्रद्धा सुमन अर्पित किया. यहां मुख्य रूप से सिंहभूम की सांसद जोबा माझी, मनोहरपुर के विधायक जगत माझी समेत राजनीतिक और सामाजिक संगठनों के लोगों ने श्रद्धांजलि अर्पित की. इस मौके पर सांसद जोबा माझी ने कहा की पूर्व सांसद विजय सिंह सोय एक कद्दावर नेता थे. क्षेत्र का विकास करने के साथ साथ सामाजिक कार्यों में भी वे बढ़ चढ़कर हिस्सा लेते थे. उन्हें कभी भूलाया नहीं जा सकता. वहीं विधायक जगत माझी ने कहा की स्वर्गीय विजय सिंह सोय ने एक जनप्रतिनिधि के रूप में अपनी अलग पहचान बनाई थी. कोल्हान के साथ-साथ पूरे झारखंड की जनता आज भी उन्हें याद करते है. इस मौके पर स्वर्गीय विजय सिंह सोय की पत्नी कुंती सोय, माला सोय, पुत्री प्रियंका सिंकू, अनुप्रिया सोय, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता अम्बर राय चौधरी, दीनबंधु घोष, उदय प्रसाद सिंह, गोविंद प्रधान, लड्डू खान, राखी सलूजा, मुन्ना तांती, पोंडेराम सामड समेत अन्य मौजूद रहे. (नीचे भी पढ़ें)

चाईबासा में शहादत दिवस पर याद किए गए विजय सिंह सोय – चाईबासा कांग्रेस भवन में गुरुवार को सिंहभूम के पूर्व सांसद जिला कांग्रेस कमिटी पश्चिम सिंहभूम के पूर्व अध्यक्ष विजय सिंह सोय की शहादत दिवस मनाई गयी. कांग्रेसियों ने स्वर्गीय सोय के तस्वीर पर माल्यार्पण कर तथा दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धा सुमन अर्पित किया. कांग्रेस जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर दास ने कहा कि विजय सिंह सोय के द्वारा किए गए कार्य को कभी भुलाया नहीं जा सकता है. स्वर्गीय सोय संगठन के व्यक्ति थे, उनके द्वारा दिखाए रास्ते पर कांग्रेस पश्चिम सिंहभूम जिला में मजबूत आधार है. उनकी शहादत को भुलाया नहीं जा सकता उनके कार्यों से प्रेरणा लेकर संगठन को मजबूती प्रदान करने का कार्य करेंगे. मौके पर कांग्रेस जिला प्रवक्ता त्रिशानु राय, महासचिव अशोक बारिक, लियोनार्ड बोदरा, रविन्द्र बिरुवा, पूर्व कोषाध्यक्ष राधा मोहन बनर्जी, पुरूषोत्तम दास पान, आलोक बलमुचू, नन्द गोपाल दास, चन्द्र भूषण बिरुवा, सुशील दास, प्रताप पुरती, चोकरो गोप आदि उपस्थित थे.



