चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के नक्सल प्रभावित जराइकेला थाना क्षेत्र में सुरक्षा बलों ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नक्सलियों के द्वारा बनाये पांच बंकरों को ध्वस्त कर दिया है. इसे नक्सलियों के खिलाफ सुरक्षा बलों की बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है. (नीचे भी पढ़ें)

बताते चलें कि कोल्हान के पश्चिम सिंहभूम सहित नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा बलों की ओर से संयुक्त रूप से नक्सली विरोधी अभियान चलाया जा रहा है. इसमें जिला पुलिस के अतिरिक्त कोबरा बटालियन, झारखंड जगुआर एवं सीआरपीएफ की विभिन्न इकाइयां नक्सलियों के विरुद्ध संयुक्त रूप से कार्रवाई कर रही हैं. सुरक्षा बलों के इस अभियान को भारी सफलता भी मिल रही है. इस अभियान के तहत सुरक्षा बल अब तक नक्सलियों के कई ठिकानों को ध्वस्त करने के साथ ही वहां से नक्सलियों के असलहे व अन्य सामान भी बरामद कर चुकी है. (नीचे भी पढ़ें)

इस क्रम में सुरक्षा बलों ने विश्वस्त सूत्रों से मिली जानकारियों के आलोक में विगत 4 अप्रैल को जिले के छोटा नागरा एवं जराइकेला थाना के सीमावर्ती पहाड़ी जंगलों में संयुक्त रूप से विशेष नक्सल विरोधी अभियान शुरू किया है. इसी अभियान के तहत गुरुवार को सुरक्षा बलों की टीम ने कराइकेला थानांतर्गत कुलपाबुरू के पास पहाड़ी जंगलों के बीच पांच नक्सली बंकरों का पता लगाया. सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए उक्त पुराने बंकरों को ध्वस्त कर दिया. सुरक्षा बलों ने बताया कि नक्सलियों के विरुद्ध उनका अभियान आगे भी जारी रहेगा.



