जमशेदपुर : झारखंड के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता के राजनीतिक सलाहकार और कोल्हान कांग्रेस के प्रवक्ता जम्मी भास्कर ने भाजपा नेता सुधांशु ओझा के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी है. श्री भास्कर ने कहा कि बन्ना गुप्ता ने अहमदाबाद के अधिवेशन में जो कहा है, वह इतिहास में दर्ज सच्चाई है. नाथूराम गोडसे, जो आरएसएस की विचारधारा से प्रेरित था, ने महात्मा गांधी की हत्या की थी. इसमें कोई नई बात नहीं है और देश की जनता इस तथ्य से भलीभांति अवगत है. उन्होंने सुधांशु ओझा पर आरोप लगाया कि वह कांग्रेस नेताओं को अमर्यादित, तथ्यहीन भाषाशैली का इस्तेमाल कर रहे हैं, जो लोकतंत्र के मूल्यों के खिलाफ है. हर किसी को अपनी बात शालीनता, शांति एवं मर्यादा की भाषा शैली में करनी चाहिए. कांग्रेस की विचारधारा देश विरोधी ताकतों से लड़ने की रही है, यह जनता जानती है कांग्रेस ने ही देश को आज़ाद कराया. श्री भास्कर ने कहा कि लोकतंत्र में हर किसी को अपनी बात कहने का अधिकार है. बन्ना गुप्ता ने सत्य को ही उजागर किया है. (नीचे भी पढ़ें)
बीजेपी अध्यक्ष के देर से प्रतिक्रिया देने पर उनकी मंशा पर सवाल खड़ा होता है. अगर सुधांशु ओझा को आपत्ति है, तो वह यह स्पष्ट करें कि क्या महात्मा गांधी भगवान श्रीराम के भक्त थे या नहीं? और क्या उनकी हत्या नाथूराम गोडसे ने की थी या नहीं? श्री भास्कर ने आगे कहा कि कांग्रेस किसी भी राजनीतिक दबाव में आकर अपनी आवाज बंद नहीं करेगी. महात्मा गांधी के विचारों, सिद्धांतों और उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए संकल्पबद्ध हैं. भाजपा और आरएसएस भले ही गांधी के आदर्शों को भुलाने की कोशिश करें, लेकिन जनता उनके इन प्रयासों को कभी सफल नहीं होने देगी. कांग्रेस महात्मा गांधी की विचारधारा का विरोध करने वालों से सड़कों पर डटकर मुकाबला करने को तैयार है और हर स्तर पर कार्यक्रमो द्वारा सच्चाई को जनता तक पहुंचाएगी.





