जमशेदपुर : जमशेदपुर पुलिस ने अपराधी और अपराध पर लगाम लगाने के लिए रविवार रात विशेष जांच अभियान चलाया. सिटी एसपी, सभी डीएसपी और थाना प्रभारी समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी विभिन्न प्रमुख चौक चौराहों पर तैनात रहे और देर रात तक ड्रंक एंड ड्राइव अभियान चलाया. इस दौरान हर आने जाने वाली गाड़ियों की जांच की गई और संदिग्ध गतिविधि नजर आने पर लोगों से पूछताछ भी की गई. इसके साथ ही पूरे जिले में जितने भी फरार अपराधी है, उनकी धड़ पकड़ के लिए भी छापामारी की गई. वही, अड्डाबाजी और असामाजिक तत्वों के खिलाफ भी अभियान चला. (नीचे भी पढ़ें)

सिटी एसपी कुमार शुभाशीष ने सीसीआर स्थित पुलिस कंट्रोल रूम में पहुंचकर सीसीटीवी के माध्यम से पूरे शहर का जायजा लिया. इस संबंध में उन्होंने बताया कि एसएसपी के निर्देश पर यह विशेष चेकिंग अभियान की शुरुआत की गई है. यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा. पुलिस का यह प्रयास है कि पुलिस उपस्थिति पूरे शहर में दिखाई दे. उन्होंने बताया कि इस अभियान के बाद हर थाना के रिव्यू बैठक की जाएगी, ताकि यह पता चल सके कि थाना के द्वारा क्या कार्रवाई की गई है. इसके लिए थाना में मौजूद बल के अलावे डेढ़ सौ अतिरिक्त जवान भी सभी थानों में दिए गए हैं, ताकि इस कारवाई को बेहतर ढंग से चलाया जाए. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अड्डाबाजी का कोई स्पॉट अगर पुलिस से छूट जाता है, तो 112 पर जरुर सूचना उपलब्ध कराए.





