जमशेदपुर : जुगसलाई क्षेत्र में हाल के दिनों में बढ़ती आपराधिक घटनाओं एवं जुगसलाई महाकालेश्वर छठ घाट नदी किनारे हो रही घटनाओं को देखते हुए जुगसलाई एमई स्कूल रोड एवं आसपास के निवासियों ने महा कालेश्वर घाट पर एक टीओपी स्थापित किये जाने की मांग की है. इस संबंध में सांसद एवं उपायुक्त को एक ज्ञापन भी सौंपा है. बताया जाता है कि महाकालेश्वर छठ घाट में जो खरकई नदी बहती है उसके पानी का स्तर बहुत ही कम रहता है जिस कारण आदित्यपुर सरायकेला खरसावां के असामाजिक तत्व महाकालेश्वर घाट नदी जुगसलाई के रास्ते जमशेदपुर आ जाते हैं एवं जुगसलाई के असामाजिक तत्व नदी के रास्ते आदित्यपुर सरायकेला खरसावां जिले में प्रवेश कर जाते हैं. इस कारण पुलिस को भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है.ज्ञात हो की महाकालेश्वर छठ घाट स्थित नदी में पानी का स्तर बहुत ही कम हो जाने के कारण लोग आदित्यपुर से गाड़ियों की भी आवाजाही कर लेते हैं एवं पैदल और साइकिल लाना तो आम बात है. (नीचे भी पढ़ें)
ऐसे में शिव घाट के नीचे स्थित नदी घाट पर कई बार छिनतई एवं मारपीट की घटनाएं भी हो चुकी है और असामाजिक तत्वों का आना-जाना एवं ब्राउन शुगर जैसे नशीले पदार्थों के मादक पदार्थों की तस्करी भी इस रास्ते से होने की बात सामने आ रही है. यहाँ के निवासियों ने कई बार पुलिस प्रशासन टीओपी बनाने की मांग प्रसाशन से की, परंतु हर बार सिर्फ आश्वासन ही मिलता है. एक बार पुनः जुगसलाई के निवासियों ने उपायुक्त एवं सांसद विद्युत् वरण महतो से टीओपी की मांग दोहराई हैँ. टीओपी की मांग करने वालों में अमर सिंह, नारायण सिंह, सतीश जायसवाल, विजय सिंह,पप्पू राकेश सिंह विमल अग्रवाल संकट सिंह श्याम गुप्ता सतीश गोयल संदीप सेठ, महेश साहू विमल शर्मा शहित बस्ती के अन्य लोग शामिल है.





