जमशेदपुर : साकची गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के निवर्तमान प्रधान सरदार निशान सिंह ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा है कि साकची चुनाव के लिए सीजीपीसी द्वारा मनोनीत दोनों प्रतिनिधि चुने गए संयोजक और सह संयोजक का सहयोग करेंगे. प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से सरदार निशान सिंह ने कहा कि आम सभा के दौरान चुने गए संयोजक और सह संयोजक चुनाव संपन्न कराने में सक्षम हैं और वे सीजीपीसी के उस निर्णय का भी सम्मान करते हैं जिसमें उनके द्वारा चुनाव के लिए दो प्रतिनिधि नियुक्त किए गए हैं. (नीचे भी पढ़ें)
गौरतलब है कि बुधवार को सीजीपीसी कार्यालय में हुई अध्यक्ष और महासचिवों की बैठक मे निर्णय लिया गया था कि पक्ष और विपक्ष की ओर से जारी पांच-पांच सदस्य सीजीपीसी द्वारा मनोनीत दो सदस्यों से संपर्क में रहेंगे और अपनी बातों को रखेंगे. मतदाता सूची 10 मई तक बनाये जाने की बात की गई थी, वोटर लिस्ट बनने के बाद 10 मई, जिसे साकची गुरुद्वारा साहिब के सूचना पट्ट पर प्रदर्शित किया जाएगा तथा त्रुटि निवारण के लिए आम संगत को 20 मई तक का समय दिया जाएगा. जिनके नाम छूट गए हैं, सूचीबद्ध नहीं हैं या किसी और प्रकार की त्रुटि है, वे स्वयं गुरुद्वारा साहिब कार्यालय आकर अपने आधार कार्ड की फोटो कॉपी जमा करा कर फॉर्म भरकर अपना नाम जुड़वा सकते हैं. (नीचे भी पढ़ें)
20 मई के बाद वोटर लिस्ट में यदि कोई त्रुटि पाई जाती है तो पक्ष और विपक्ष के लोग अपनी बातें सीजीपीसी मनोनीत दो सदस्यों के पास रखेंगे और दोनों सदस्य साकची की संगत द्वारा बनाए गए संयोजक एवं सह संयोजक के साथ मिलकर उन त्रुटियों को दूर करेंगे ताकि दोनों पक्षों के बीच आगे किसी प्रकार का विवाद उत्पन्न ना हो. 21 से 25 मई तक फ्रेश वोटर लिस्ट बनाकर संयोजक एवं सह संयोजक को सौंपा जाएगा, ताकि वे नामांकन प्रक्रिया शुरू कर सकें.





