जमशेदपुर: जमशेदपुर के सुंदरनगर थाना क्षेत्र के कुदादा गांव के पास शुक्रवार की रात रेल पटरी से एक अज्ञात महिला का शव बरामद किया गया. महिला की उम्र लगभग 32 से 35 वर्ष के बीच बताई जा रही है. शव मिलने की सूचना स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस को दी गयी, जिसके बाद गश्ती दल मौके पर पहुंचा. पुलिस के अनुसार महिला के सिर और हाथ में गंभीर चोट के निशान हैं. हालांकि अभी तक उसकी पहचान नहीं हो सकी है. शव को फिलहाल पोस्टमार्टम के शीतगृह में सुरक्षित रखा गया है और आसपास के क्षेत्रों में पहचान के लिए सूचना प्रसारित की जा रही है. (नीचे भी पढ़ें)
पुलिस ने आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ की, लेकिन कोई विशेष जानकारी हाथ नहीं लगी है. प्रारंभिक जांच में पुलिस इसे आत्महत्या मान रही है, हालांकि अन्य संभावनाओं को भी नजरअंदाज नहीं किया जा रहा है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों पर स्पष्ट रूप से कुछ कहा जा सकेगा. फिलहाल मामले की जांच जारी है.



