रांची : लोकसभा के अध्यक्ष ओम बिरला 25 मई को रांची आएंगे. 25 मई के दोपहर में जमशेदपुर के सिंहभूम चेंबर ऑफ कॉमर्स के प्लेटिनम जुबली समारोह में शामिल होंगे. चैंबर ऑफ़ कॉमर्स जमशेदपुर अपनी स्थापना के 75 वर्ष पूर्ण कर रहा है. भारत सरकार के केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ के आमंत्रण पर लोकसभा अध्यक्ष ने कार्यक्रम में भाग लेने की अपनी अनुमति प्रदान की है. 25 मई की शाम 5 बजे लोकसभा के अध्यक्ष ओम बिरला जमशेदपुर में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेने के पश्चात रांची लौटेंगे. (नीचे भी पढ़े)
केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने बताया कि रांची में शाम 5 बजे स्वर्ण भूमि सभागार डांगरा टोली में लोकसभा अध्यक्ष का भव्य नागरिक अभिनंदन समारोह किया जाएगा. इस नागरिक अभिनंदन में रांची शहर के सैकड़ो संस्थाओं और रांची शहर के विभिन्न गणमान्य लोग और सामाजिक धार्मिक संस्थाओं के प्रतिनिधि शामिल होंगे. 25 मई की रात्रि विश्राम के उपरांत 26 मई को लोकसभा अध्यक्ष पुनः दिल्ली के लिए रवाना होंगे. रक्षा राज्य मंत्री सह रांची के सांसद संजय सेठ ने बताया कि लोकसभा अध्यक्ष के रूप में ओम बिरला का पहली बार झारखंड दौरा हो रहा है. इस निमित्त रांची में सामाजिक संगठनों के द्वारा उनके भव्य नागरिक अभिनंदन की तैयारी चल रही है.(नीचे भी पढ़े)
सिंहभूम चैंबर के कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला होंगे एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में केन्द्रीय कानून एवं न्याय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल, केन्द्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, झारखण्ड राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केन्द्रीय मंत्री अर्जुन मुण्डा एवं सांसद विद्युतवरण महतो उदघाटन समारोह में मौजूद होंगे. यह जानकारी मानद महासचिव मानव केडिया ने दी, महासचिव ने बताया कि इसके अलावा इस उदघाटन समारोह में कई केन्द्रीय मंत्रियों के भी उपस्थित रहने की संभावना है. अध्यक्ष विजय आनंद मूनका ने बताया कि सिंहभूम चैम्बर की स्थापना तत्कालीन व्यापारियों के एक छोटे से समूह ने व्यापारियों एवं उद्यमियों की समस्याओं के निराकरण और इनकी बातों को सरकार और प्रशासन तक पहुंचाने के उद्देश्य से 1948 में की थी. वर्ष 1950 में कंपनीज एक्ट में इसका निबंधन कराया गया और यह तब से अब तक निर्बाध गति से व्यापारियों एवं उद्यमियों, प्रोफेशनल्स की समस्याओें को उचित फोरम में उठाते हुये इसका निराकरण कर रही है. अध्यक्ष विजय आनंद मूनका ने कहा कि चैम्बर के निबंधन के 75 वर्षगांठ मनाया जा रहा है और वर्तमान में लगभग ढाई हजार इनके सदस्य हैं जो प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से लगभग दो लाख से अधिक लोगों का प्रतिनिधित्व करती है. अध्यक्ष विजय आनंद मूनका ने बताया कि चैम्बर के द्वारा 75वें वर्षगांठ प्लेटिनम जुबिली समारोह के उदघाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पधारने हेतु लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को दिल्ली जाकर आमंत्रित किया गया था जिसपर उन्होंने सहर्ष स्वीकृति प्रदान कर दी है. यह चैम्बर के साथ ही जमशेदपुर वासियों के लिये हर्ष का विषय है कि पहली बार कोई लोकसभा अध्यक्ष जमशेदपुर में पधारेंगे और जमशेदपुर के मिनी भारत संस्कृति से अवगत होंगे. अध्यक्ष विजय आनंद मूनका ने कहा कि इससे पूर्व चैम्बर ने अपने निबंधन काल के 25 वर्ष पूर्ण होने पर सिल्वर जुबिली समारोह एवं 50 वर्ष पूर्ण होने पर गोल्डेन जुबिली वर्ष भी मनाया था. प्लेटिनम जुबिली समारोह में महीने भरत अनेकानेक कार्यक्रम चलेंगे जिसमें कई नामी गिरामी हस्तियां भाग लेंगे और ये कार्यक्रम अपने आप में एक यादगार आयोजन होगा.



