जमशेदपुर : रेड क्रॉस सोसाइटी की पूर्वी सिंहभूम जिला इकाई की ओर से यूरेनियम कारपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड के साथ चलाये जा रहे ग्रामीण स्वास्थ्य सेवा अभियान के तहत मई के अंतिम सप्ताह एवं जून महीने में कुल 6 स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जाएगा. यूसिल के क्षेत्रीय कार्यालय के सहयोग से आयोजित होनेवाले उक्त शिविरों में 27 मई को जादूगोड़ा के मुर्गाघुट्टू पंचायत भवन में, 30 मई को नरवापहाड़ के राजदोहा ग्राम में, तुरामडीह के नान्दुप ग्राम में 3 जून को एवं तलसा ग्राम में 10 जून को, 17 जून को जादूगोड़ा के विक्रमपुर उप स्वास्थ्य केन्द्र तथा 24 जून को नरवा पहाड़ के कदमा ग्राम में आयोजित किया जाएगा. (नीचे भी पढ़ें)
इन स्वास्थ्य शिविरों में सामान्य स्वास्थ्य जांच के साथ ही आंखों की जांच एवं जरूरत के अनुसार निःशुल्क दवा व चश्मों का वितरण भी किया जाएगा. इसके अलावा जरूरत होने पर ऑपरेशन योग्य मोतियाबिन्द मरीजों के लिए शिविर का आयोजन भी किया जाएगा. पूर्वी सिंहभूम रेड क्रॉस सोसाइटी के मानद सचिव विजय कुमार सिंह तथा यूसिल के पदाधिकारियों ने स्थानीय कम्पनी कर्मियों व कार्यकर्ताओं को सम्बन्धित गांवों में लोगों को शिविर को सम्बन्ध में जानकारी देने का आग्रह किया है, ताकि ग्रामीण शिविर का लाभ उठा सकें.











