बिक्रमगंज : दो दिवसीय दौरे पर बिहार पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिक्रमगंज से बिहारवासियों को 48500 करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात दी. कार्यक्रम में उनके साथ मौजूद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इसके लिए प्रधानमंत्री को फिर से धन्यवाद दिया. वहीं पीएम मोदी एक बार फिर से कांग्रेस और राजद पर जमकर हमला बोला. (नीचे भी पढ़ें)

पीएम मोदी ने कहा कि हमलोग चार करोड़ नए मकान, तीन करोड़ दीदियों को लखपति बनाने के मिशन, मुफ्त इलाज और हर महीने मुफ्त राशन उपलब्ध करा रहे हैं. हम चाहते हैं कि कोई भी गरीब परिवार सरकारी योजनाओं से वंचित न रहे. मुझे खुशी है कि बिहार सरकार भी लोगों के विकास के लिए कई योजनाएं चला रही है. हमारा लक्ष्य दलित, गरीब, पिछड़ों और अति पिछड़ों के घर तक सीधे पहुंचना है. जब सरकार खुद लाभार्थियों तक पहुंचती है तो न कोई भेदभाव होता और न भ्रष्टाचार होता है. और, तभी सच्चा सामाजिक न्याय होता है. उन्होंने कहा कि बाबा साहेब, कर्पूरी ठाकुर, जगजीवन राम, और जेपी के सपनों का बिहार बनाना सरकार का लक्ष्य है. हमारा लक्ष्य विकसित बिहार है. उन्होंने कहा- जब-जब बिहार ने प्रगति की है, भारत दुनिया में शिखर पर पहुंचा है और मुझे विश्वास है कि हम सब मिलकर विकास की रफ्तार को और आगे बढ़ाएंगे. मैं इन विकास कार्यों के लिए आप सबको बधाई देता हूं. (नीचे भी पढ़ें)

प्रधानमंत्री ने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि जिन लोगों ने बिहार को सबसे ज्यादा ठगा, जिनके अत्याचार के कारण बिहार के गरीबों को पलायन करना पड़ा, आज वे ही सत्ता पाने के लिए सामाजिक न्याय के नाम पर झूठ बोल रहे हैं. उन्होंने बिहारवासियों को जंगलराज फैलाने वालों से सावधान रहने को कहा. पीएम ने पूछा कि बिहार के लोगों की यह दुर्दशा, तकलीफ क्या यही कांग्रेस और राजद का सामाजिक न्याय था? इससे ज्यादा अन्याय कुछ नहीं हो सकता. कांग्रेस और राजद वालों ने गरीब, पिछड़े और दलितों की तकलीफों की चिंता तक नहीं की. ये लोग विदेशियों को बिहार की गरीबी दिखाने के लिए घुमाने लाते थे. आज जब गरीबों, दलितों और पिछड़े समाज ने कांग्रेस को छोड़ दिया है तो इन्हें अपना अस्तित्व बचाने के लिए सामाजिक न्याय की याद आ रही है. (नीचे भी पढ़ें)

प्रधानमंत्री ने कहा कि बिहार में हर तरफ फोर लेन और सिक्स लेन सड़कों का जाल बिछ रहा है. गंगा, सोन, गंडक, कोसी समेत सभी प्रमुख नदियों पर नए पुल बन रहे हैं. आज बिहार में वर्ल्ड क्लास वंदे भारत बन रही है. रेल लाइनों को डबल और ट्रिपल किया जा रहा है. कई जगह मल्टी ट्रैकिंग का काम चल रहा है. सासाराम में भी अब सौ से ज्यादा ट्रेनें रुकती हैं. पीएम ने लालू परिवार पर हमला बोलते हुए कहा कि ये काम पहले भी हो सकते थे, लेकिन जिन्हें आपने विकास की जिम्मेदारी दी, उन्होंने आपसे जमीन लेकर नौकरी देने का काम किया. उन्होंने रेलवे में भर्ती के नाम पर आपकी जमीन लूटने का काम किया. गरीबों की जमीनें लिखवा ली. सामाजिक न्याय का उनका यही तरीका था. गरीबों को लूटकर राजशाही का मौज करना ही उनका तरीका था. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने कुछ साल पहले तक बिहार के कैमूर, रोहतास समेत कई इलाकों में नक्सलवाद से जनता की परेशानी की चर्चा करते हुए कहा कि सीएम नीतीश कुमार के नेतृत्व में हमारी सरकार ने आज नक्सलियों को मुख्य धारा में लाने की कोशिश की, और, उनके खिलाफ अभियान चलाया. 2014 के बाद अब देश में केवल 18 जिले नक्सलवाद से प्रभावित हैं. वह दिन दूर नहीं जब माओवादी हिंसा का पूरी तरह से खात्मा हो जाएगा. (नीचे भी पढ़ें)
ऑपरेशन सिंदूर की चर्चा करते हुए पीएम ने कहा कि दुनिया भर के लोगों ने हमारे बीएसएफ का अदम्य साहत और ताकत देखा है. मां भारती की रक्षा हमारे बीएसएफ जवानों के लिए सबसे ऊपर है. उन्होंने कहा- मैं बिहार की धरती से दोहराना चाहता हूं कि ऑपरेशन सिंदूर से भारत की जो ताकत दुश्मनों ने देखी है, वह समझ लें कि यह तो हमारे सर्कस का केवल एक तीर है. आतंक के खिलाफ हमारी लड़ाई न रुकी है और न थमी है. आतंक का फन अगर फिर उठेगा तो भारत उसे बिल से खींचकर कुचलने का काम करेगा. उन्होंने कहा- मैंने बिहार की धरती से वादा किया था कि आतंक के आकाओं के ठिकानों को मिट्टी में मिला दिया जाएगा. बिहार की धरती पर मैंने कहा था कि उन्हें कल्पना से भी बड़ी सजा होगी. आज जब मैं बिहार आया हूं तो अपने वचन को पूरा करने के बाद आया हूं. जिन लोगों ने पाकिस्तान में बैठकर हमारी बहनों का सिंदूर उजाड़ा था, हमारी सेना ने उनलोगों के घर को खंडहर में बदल दिया है. जिस पाकिस्तानी सेना की छत्रछाया में आतंकी खुद को सुरक्षित मानते थे, हमारी सेना ने कुछ ही देर में उन्हें घुटनों पर ला दिया. उनके कई ठिकाने तबाह कर दिए. पीएम ने कहा कि यह नया भारत है, यह नए भारत की ताकत है.



