पटमदा: पटमदा थाना क्षेत्र के पवनपुर गांव में शुक्रवार को दोपहर नहाने गए एक युवक की तालाब में डूबकर मौत हो गयी. परिजनों ने बताया कि 35 वर्षीय सम्बर मुर्मू अकेले ही घर से नहाने के लिए गांव के तालाब में गया था. करीब 2 घंटे तक नहीं लौटने पर घर के लोग उसकी तलाश में तालाब पहुंचे तो वहां गायब पाया. फिर तालाब के अंदर पानी में तलाश करने पर उसे दोपहर करीब साढ़े तीन बजे मृत अवस्था में तालाब से निकाला गया. शव के बाहर आते ही घर में कोहराम मच गया. बताते हैं कि घर में उसकी पत्नी मंगली मुर्मू (30), तीन बेटियां पूजा मुर्मू (13), जननी मुर्मू (11), शिवानी मुर्मू (9) एवं माता-पिता हैं. वह अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था, जिससे गांव में मातम पसरा हुआ है. मौके पर पहुंचे पारा लीगल वॉलेंटियर (पीएलवी) निताई चंद्र गोराई ने बताया कि घटना का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है और परिजनों के अनुसार उसे कोई बीमारी भी नहीं थी. (नीचे भी पढ़ें)
संभवतः तालाब में घुसने के बाद बेहोश हो गया होगा और गहरे पानी में समा जाने से उसकी मौत हो गयी. इस संबंध में बामनी गांव निवासी रवि माझी ने बताया कि वह करीब 4 बजे जब गांव पहुंचे तो शव को निकाल लिया गया था और इसकी सूचना पटमदा पुलिस को दिए जाने पर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच चुकी है. वह बताते हैं कि सम्बर मुर्मू के चचेरे भाई की बेटी होने पर घर में नत्ता (छठी) का कार्यक्रम था और घर में खुशी का माहौल चल रहा था, वह भी उसी में शामिल होने आए थे लेकिन वहां पहुंचते ही यह दुखद समाचार मिला. वह परिवार का एकमात्र कमाऊ सदस्य था और उसकी आकस्मिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद राज्य सरकार के आपदा प्रबंधन विभाग से 4 लाख रुपए का मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया.




