जमशेदपुर: सरायकेला खरसावां के आदित्यपुर स्थित श्रीनाथ कॉलेज ऑफ एजुकेशन में इको क्लब के सदस्यों द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस मनाया गया. 5 जून 2025 को कॉलेज परिसर में पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस पौधरोपण कार्यक्रम में कॉलेज की प्राचार्या डॉक्टर भाव्या भूषण ने भाग लिया. इस अवसर पर छात्र-छात्राएं, शिक्षकगण और कर्मचारी उत्साहपूर्वक सम्मिलित हुए. कॉलेज की प्राचार्या ने छात्रों को संबोधित किया और उन्हें वृक्षों के महत्व के बारे में बताया. उन्होंने यह भी कहा कि इस अवसर का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना और परिसर को हरा-भरा बनाने की दिशा में कदम बढ़ाना है. (नीचे भी पढ़ें)

प्रत्येक पौधा हमारे भविष्य की नींव है. हमें इसे गंभीरता से लेना चाहिए और अधिक से अधिक पेड़ लगाने चाहिए. पौधरोपण कार्यक्रम में विभिन्न प्रकार के पौधे लगाए गए, जिनमें फलदार, छायादार और औषधीय पौधे शामिल थे. कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को पौधों की देखभाल और सुरक्षा की शपथ दिलाई गयी. कॉलेज प्रशासन ने यह भी घोषणा की कि यह अभियान जारी रहेगा और हर साल नए पौधे लगाए जाएंगे. कार्यक्रम से विद्यार्थियों में पर्यावरण के प्रति नई जागरूकता और जिम्मेदारी का भाव पैदा हुआ, जो निश्चित रूप से भविष्य में उनके सकारात्मक योगदान का आधार बनेगा.



