जमशेदपुर: जमशेदपुर के साकची स्थित पुराने एमजीएम अस्पताल को डिमना में बनाये गये नये परिसर में स्थानांतरित करने की प्रक्रिया तेज़ी से जारी है. इसी क्रम में पुराने अस्पताल के एक्सरे विभाग को पूरी तरह बंद कर दिया गया है और अब यह सेवा नये अस्पताल परिसर में उपलब्ध होगी. बुधवार से जितने भी मरीजों को एक्सरे की आवश्यकता होगी, उन्हें डिमना स्थित एमजीएम के नये भवन में ही यह सुविधा मिलेगी. इससे पहले आर्थोपेडिक और सर्जरी विभाग की ओपीडी को भी नये परिसर में स्थानांतरित किया जा चुका है. लेकिन व्यवस्था यह थी कि अगर किसी मरीज को एक्सरे कराने की ज़रूरत होती थी, तो उसे नये अस्पताल से पुराने अस्पताल भेजा जाता था. मरीजों को डिमना से साकची आकर एक्सरे कराना पड़ता था और फिर रिपोर्ट लेकर दोबारा डिमना जाकर चिकित्सक को दिखाना होता था. इस प्रक्रिया में न सिर्फ मरीजों को असुविधा होती थी, बल्कि समय और संसाधनों की भी बर्बादी होती थी. अब जब एक्सरे विभाग को भी स्थानांतरित कर दिया गया है, तो मरीजों को एक ही परिसर में जांच से लेकर परामर्श तक की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी. पुराने एमजीएम अस्पताल स्थित एक्सरे रूम को पूरी तरह बंद कर ताला लगा दिया गया है. अस्पताल प्रबंधन ने स्पष्ट कर दिया है कि अब किसी भी प्रकार की रेडियोलॉजी संबंधित सेवा साकची परिसर में नहीं दी जायेगी. (नीचे भी पढ़ें)

अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, यह कदम मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है. नये परिसर में अत्याधुनिक एक्सरे मशीनों के साथ बेहतर तकनीकी स्टाफ की भी व्यवस्था की गयी है. इससे न केवल जांच में पारदर्शिता और गति आयेगी, बल्कि रिपोर्ट मिलने में देरी की समस्या भी काफी हद तक समाप्त हो जायेगी. एमजीएम अस्पताल प्रशासन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, पुराने अस्पताल से नये अस्पताल में सुविधाओं को शिफ्ट करने का कार्य चरणबद्ध तरीके से चल रहा है. एक्सरे विभाग का स्थानांतरण भी इसी प्रक्रिया का हिस्सा है. जल्द ही बाकी विभागों को भी शिफ्ट कर दिया जायेगा, जिससे सारी स्वास्थ्य सुविधाएं एक ही स्थान पर संचालित हो सकें. इस बदलाव को लेकर मरीजों के साथ-साथ चिकित्सकों ने भी राहत जतायी है. सर्जरी विभाग के एक डॉक्टर ने बताया कि पहले मरीजों को बार-बार साकची और डिमना के बीच चक्कर लगाने पड़ते थे, जिससे उनके इलाज में बाधा आती थी. अब एक ही जगह ओपीडी और एक्सरे जांच होने से मरीजों की सुविधा में इजाफा होगा और डॉक्टरों का कार्य भी अधिक सुचारु हो सकेगा. (नीचे भी पढ़ें)
मरीजों ने भी इस पहल का स्वागत किया है. एक्सरे कराने आये एक बुजुर्ग ने कहा, पहले रिपोर्ट लाने के लिए दो बार सफर करना पड़ता था, अब यहीं पर जांच और दवा सब हो जायेगा, यह बहुत अच्छा हुआ है. सूत्रों के अनुसार, अगले कुछ हफ्तों में पुराने एमजीएम अस्पताल के अन्य विभागों को भी डिमना स्थित नये अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया जायेगा. अस्पताल प्रबंधन नये परिसर में ओपीडी, इनडोर, लैबोरेट्री, आपातकालीन सेवा समेत सभी विभागों को एकीकृत रूप से संचालित करने की योजना पर कार्य कर रहा है. एमजीएम अस्पताल को नये परिसर में स्थानांतरित करने का उद्देश्य सिर्फ संरचनात्मक बदलाव नहीं, बल्कि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और पहुंच को बेहतर बनाना है. उम्मीद की जा रही है कि यह बदलाव मरीजों और चिकित्सा व्यवस्था दोनों के लिए सकारात्मक सिद्ध होगा.




