चाकुलिया : विगत दो दिनों से हो रही भारी बारिश से चाकुलिया प्रखंड की कालियाम पंचायत के कई गांवों में भारी तबाही आई है. कई रास्ते और पुल-पुलिया डूब गए हैं, इससे आवागमन बुरी तरह प्रभावित हो गया है. वहीं कई घरों में भी पानी घुस गया है, जिससे भारी नुकसान हुआ है. कई घर धंस गये हैं. मिली जानकारी के अनुसार आखुआपाड़ा के दक्खिन बेसरा और सालखन बेसरा के पीएम आवास में पानी घुस गया जाने से घर में रखा धान और चावल समेत अन्य सामान भीग कर बर्बाद हो गए हैं. (नीचे भी पढ़ें)

सानडांगरी गांव के दो लोगों के घरों में भी पानी घुसा है. भारी बारिश ने पंचायत के लोगों के लिए परेशानी बढ़ा दी है. वहीं गोहालडांगरा – कालाझरिया के बीच बन रही पुलिया के पास बना डायवर्सन भी डूब गया है और धाधिका में निर्माणाधीन पुलिया के पास बने डायवर्सन पर 6 फुट पानी बह रहा है. इस मार्ग पर आवागमन पूरी तरह ठप हो गया है. पंचायत की विभिन्न सड़कों पर पानी जमा होने के कारण कालियाम पंचायत से सोनहातु पंचायत का संपर्क कट गया है.(नीचे भी पढ़ें)
पंचायत के मुखिया दासो हेम्ब्रम ने बताया कि भारी बारिश के कारण कई लोगों के घर बर्बाद हो गए हैं और उन्हें भारी नुकसान हुआ है. उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द राहत कार्य शुरू कर प्रभावित परिवारों को सहायता पहुंचाई जाय, ताकि लोगों को राहत मिल सके.




