जमशेदपुर : जमशेदपुर में भारी बारिश के कारण जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है. करीब 12 घंटे से लगातार हो रही बारिश से कई इलाके जलमग्न हो रहे हैं. स्वर्णरेखा और खरकई नदी भी अब फिर से उफान पर आने लगी है. इस बीच भारी बारिश के कारण जादूगोड़ा हटा रोड पूरी तरह से बंद हो गया है. नाले का पानी रोड के ऊपर से बह रहा है. जादूगोड़ा रंकणी मंदिर जाने वाला रास्ता पूरी तरह बंद हो गया है. दूसरी और जिला प्रशासन ने जमशेदपुर के लोगों को सतर्क किया है. स्वर्णरेखा व खरकई नदी के तटीय इलाकों में जानमाल की सुरक्षा को देखते हुए नागरिकों से सजग एवं सतर्क रहने की अपील की गयी है. (नीचे भी पढ़ें)

उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने जिले के खरकई एवं स्वर्णरेखा नदी के किनारे तथा अन्य निम्न इलाकों में निवास करने वाले नागरिकों से अपील की है कि वे सतर्क रहें और किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें. नदी का जलस्तर अचानक बढ़ सकता है, जिससे बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो सकती है. उन्होंने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि भारी बारिश के दौरान सुरक्षित ऊंचे स्थानों में शरण लें, नागरिकों की सुरक्षा जिला प्रशासन की प्राथमिकता है. (नीचे भी पढ़ें)
अनुमंडल पदाधिकारी समेत सभी नगरीय निकाय पदाधिकारी, बीडीओ एवं सीओ क्षेत्र भ्रमण कर स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है. सभी नागरिकों से सहयोग की अपील की जाती है ताकि किसी भी प्रकार की जनहानि को रोका जा सके. आपात स्थिति में किसी सूचना या सहायता के लिए कंट्रोल रूम में 0657 – 2444233 पर जरूर सम्पर्क करें.




