रांची : झारखंड पुलिस मुख्यालय स्थित सभागार से पुलिस महानिदेशक (डीजीपी), झारखण्ड की अध्यक्षता में राज्य के सभी प्रक्षेत्रीय पुलिस महानिरीक्षक, सभी क्षेत्रीय पुलिस उप-महानिरीक्षक, सभी वरीय पुलिस अधीक्षक एवं सभी पुलिस अधीक्षक, झारखण्ड से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मुहर्रम पर्व को लेकर राज्यभर में सुरक्षा, विधि व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम हेतु समीक्षा बैठक आयोजित की गई. निरोधात्मक कार्रवाई, बलों की प्रतिनियुक्ति एवं व्यवस्था, दंगारोधी सुरक्षा उपकरण की व्यवस्था, शांति-समिति की बैठक, नियंत्रण कक्ष की व्यवस्था की मांग की गयी. पुलिस महानिदेशक, झारखण्ड ने मुहर्रम पर्व को लेकर विस्तृत रूप से समीक्षा की एवं सभी जिलों के एसएसपी व एसपी को आगामी पर्व के मद्देनजर निरोधात्मक कार्रवाई करने, जिलों में संभावित घटना वाले स्थलों पर बलों की पर्याप्त प्रतिनियुक्ति करने तथा असंभावित घटना की स्थिति में त्वरित कार्रवाई कर समाधान हेतु आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया. उन्होंने सुरक्षा बलों के लिए भोजन, आवासन, पानी आदि का पर्याप्त व्यवस्था करने, जिलों में दंगारोधी सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता का सत्यापन करने, एंटी रॉयट कन्ट्रोल ड्रील की व्यवस्था करने, जिला, थाना स्तर पर शांति समिति की बैठकें आयोजित करने एवं नियंत्रण कक्ष से लगातार निगरानी रखने का निर्देश दिया. जुलूस मार्गों का सत्यापन व जुलूस की सुरक्षा एवं निगरानी, सोशल मीडिया पर निगरानी, मेडिकल टीम की व्यवस्था को कहा गया. पुलिस महानिदेशक, झारखण्ड ने सभी जिलों के एसएसपी व एसपी को सोशल मीडिया पर कड़ी निगरानी रखने तथा अफवाह फैलाने वाले असमाजिक तत्वों पर तत्काल उसका सत्यापन करते हुए यथाशीघ्र आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने जुलूस मार्गों में पड़ने वाले धार्मिक स्थलों एवं अन्य संवेदनशील जगहों पर सी०सी०टी०वी कैमरा का अधिष्ठापन करवाने, उन जगहों पर फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी, ड्रोन से निगरानी रखने, जुलूस के मार्गों का भौतिक सत्यापन करने, जुलूस के साथ पर्याप्त मात्रा में बल की प्रतिनियुक्ति करने का निर्देश दिया. उन्होंने जुलूस मार्गों में पर्याप्त रौशनी एवं पब्लिक संबोधन सिस्टम की व्यवस्था करने, जुलूस के दौरान सभी पुलिस कर्मियों को बॉडी प्रोट्रेक्टर समेत अन्य दंगा नियंत्रण उपकरण के साथ प्रतिनियुक्ति करने, आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था करने, जिला नियंत्रण कक्ष को सक्रिय रखने एवं डी० जे० अन्य साउण्ड सिस्टम द्वारा उतेजक भड़काउ गानों के प्रसारण पर रोक लगाने का निर्देश दिया. इस बैठक में प्रिया दुबे, अपर पुलिस महानिदेशक, मुख्यालय, मनोज कौशिक, प्रक्षेत्रीय पुलिस महानिरीक्षक, राँची, प्रभात कुमार, पुलिस महानिरीक्षक, विशेष शाखा, डॉ० माईकलराज एस०, पुलिस महानिरीक्षक, अभियान, शैलेन्द्र वर्णवाल, पुलिस उप-महानिरीक्षक, विशेष शाखा, मुमल राजपुरोहित, पुलिस अधीक्षक विशेष शाखा भौतिक रूप से तथा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी प्रक्षेत्रीय पुलिस महानिरीक्षक, सभी क्षेत्रीय पुलिस उप महानिरीक्षक एवं सभी वरीय पुलिस अधीक्षक / पुलिस अधीक्षक, झारखण्ड ने भाग लिया.




